April 17, 2026

वाराणसी में दरिंदगी की हदें पार: 19 वर्षीय युवती से सात दिन तक 23 लोगों ने किया गैंगरेप, नौ आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक 19 वर्षीय युवती के साथ सात दिनों तक लगातार अलग-अलग जगहों पर 23 युवकों द्वारा गैंगरेप किए जाने का आरोप है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने 12 नामजद और 11 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

पीड़िता की मां के अनुसार, 29 मार्च को उनकी बेटी अपनी दोस्त के घर से लौट रही थी, तभी रास्ते में आरोपी राज विश्वकर्मा उसे बहला-फुसलाकर लंका स्थित एक कैफे में ले गया, जहां रातभर उसका यौन शोषण किया गया। इसके बाद आरोपी ने युवती को अन्य लोगों के हवाले कर दिया।

30 मार्च को युवती को समीर और उसके दोस्त ने हाईवे पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर नदेसर में छोड़ दिया। 31 मार्च को आयुष, सोहेल, दानिश, अनमोल, साजिद और जाहिर ने उसे एक कैफे में नशीला पदार्थ देकर कमरे में ले जाकर बारी-बारी से दरिंदगी की।

एक अप्रैल को साजिद और उसके साथी युवती को एक होटल में ले गए, जहां तीन अज्ञात लोग पहले से मौजूद थे। इनमें से एक ने जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद युवती को इमरान ने एक अन्य होटल में ले जाकर नशीला पदार्थ खिलाया और उसका शोषण किया।

इसके बाद साजिद और उसके साथी युवती को एक गोदाम में ले गए, जहां जैब नामक युवक ने भी दुष्कर्म किया। फिर अमन और एक अन्य ने एक कमरे में सामूहिक दुष्कर्म किया और युवती को अनजान जगह पर छोड़ दिया।

2 अप्रैल को राज खान और उसके दोस्त ने हुकुलगंज इलाके में छत पर ले जाकर युवती को नशीला चाऊमीन खिलाया और उसे अस्सी घाट पर छोड़ दिया। 3 अप्रैल को युवती फिर से अपनी सहेली के घर गई, जहां से निकलने पर दानिश और अन्य ने उसे फिर नशीला पदार्थ देकर गैंगरेप किया और चौकाघाट में फेंक दिया।

4 अप्रैल को पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर लालपुर पांडेयपुर थाने पहुंचे।

डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीना ने बताया कि नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!