मेरठ: आबूलेन के मकान से बरामद हुई दो ट्रक अवैध शराब, एसपी सिटी के निर्देश पर पुलिस ने आधी रात तक की कार्रवाई, ठेकेदार पर गिर सकती है बड़ी गाज
मेरठ के आबूलेन इलाके में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सोमवार देर रात एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के निर्देशन में सदर बाजार थाना पुलिस ने आबूलेन स्थित फव्वारा चौक के पास एक मकान पर छापेमारी की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब के एक ठेकेदार ने वित्तीय वर्ष समाप्त होने के बाद 31 मार्च को अवैध रूप से शराब की बड़ी खेप वहां छिपाकर रखी है।
सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान की तलाशी ली। इस दौरान मकान से करीब दो ट्रक के बराबर शराब बरामद की गई, जिसे बेहद सुनियोजित तरीके से स्टोर किया गया था। जांच में पता चला कि ठेके की बंदी के बाद यह शराब अवैध रूप से बची हुई थी, जिसे धीरे-धीरे स्थानीय बाजार में बेचा जा रहा था।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि कार्रवाई रात करीब एक बजे तक चली और बड़ी मात्रा में शराब जब्त की गई। बरामद शराब की कुल कीमत का आकलन किया जा रहा है, जो लाखों रुपये में हो सकती है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और इस पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब यहां तक कैसे पहुंचाई गई और इस गोरखधंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं।
Share this content:
