BJP प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप: 30 अक्टूबर को लखनऊ में जुटेंगे पार्टी के दिग्गज नेता

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी के राज्य मुख्यालय में संपन्न हुई। प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, प्रदेश सह-प्रभारी मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा और प्रदीप वर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक में आगामी 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में होने वाली भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के एजेंडे, प्रमुख विषयों और आयोजन से जुड़ी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही बैठक को व्यवस्थित, अनुशासित और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘जहां कम, वहां हम’ के आधार पर काम करते हुए प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को हर दृष्टि से सुव्यवस्थित और सफल बनाना है। उन्होंने कहा कि आयोजन से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था के लिए जिम्मेदारी तय की जाए और सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। पंजीकरण, भोजन, यातायात, सजावट सहित अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी अपने संगठनात्मक कार्यों, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक निर्णयों तथा सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में किए गए कार्यों को प्रस्तुत करेगी। इसके साथ ही राजनीतिक प्रस्ताव के माध्यम से पार्टी अपने विचारों और प्राथमिकताओं को सामने रखते हुए आगामी कार्ययोजना एवं एजेंडे की दिशा भी स्पष्ट करेगी।

संगठनात्मक समीक्षा और आगामी कार्ययोजना पर रहेगा जोर

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करने और भविष्य की कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने बैठक के सुव्यवस्थित आयोजन, निर्धारित कार्यक्रमों के संचालन, पदाधिकारियों की सहभागिता और प्रस्तुत किए जाने वाले विषयों की तैयारी को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की बात कही। धर्मपाल सिंह ने कहा कि सभी पदाधिकारी ‘पूर्व तैयारी और पूर्ण तैयारी’ के मंत्र के साथ काम करें, ताकि बैठक का प्रत्येक कार्यक्रम निर्धारित समय और योजना के अनुसार संपन्न हो सके। उन्होंने माइक्रो मैनेजमेंट, टीम वर्क और आपसी समन्वय पर बल देते हुए कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक ऐतिहासिक, संदेशपरक, अनुशासित और व्यवस्थित होनी चाहिए। बैठक में लिए जाने वाले निर्णयों और दिए जाने वाले संदेश का प्रभाव पूरे प्रदेश में दिखाई देना चाहिए।

अमित शाह करेंगे बैठक का उद्घाटन, योगी आदित्यनाथ करेंगे समापन

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय में आयोजित होगी। प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री तथा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह करेंगे, जबकि समापन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े, प्रदेश सह-प्रभारी जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा और प्रदीप वर्मा के साथ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। बैठक को संगठन की गतिविधियों की समीक्षा, सरकार के कार्यों को प्रस्तुत करने और आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक रणनीति तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारी होंगे शामिल

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश पदाधिकारियों, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों तथा विशेष और स्थायी आमंत्रित सदस्यों सहित संगठन के विभिन्न स्तरों के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा लोकसभा एवं राज्यसभा सांसद, वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रत्याशी, विधायक, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी), वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी, क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय महामंत्री, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष भी बैठक में सहभागिता करेंगे। पार्टी के विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, उत्तर प्रदेश अनुशासन समिति के सदस्य, प्रदेश मीडिया संयोजक एवं सह-संयोजक, प्रवक्ता, मीडिया पैनलिस्ट, सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक एवं सह-संयोजक, मुख्यालय प्रभारी एवं सह-प्रभारी, डीसीबी चेयरमैन, विधानसभा प्रभारी और विधानसभा विस्तारक सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। व्यापक स्तर पर होने वाली इस बैठक के माध्यम से भाजपा नेतृत्व संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करने, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को सामने रखने और आगामी कार्यक्रमों के लिए कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को दिशा देने की तैयारी में जुटा है।

Share this content:

About The Author

You may have missed