वाराणसी: शादी से पहले घर में बड़ी चोरी, नकदी और गहनों पर चोरों ने किया हाथ साफ
वाराणसी जिले के लोहता थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक शादी वाले घर में चोरों ने धावा बोल दिया। परिवार के लोग बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन इसी बीच चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए लाखों रुपये की नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
घमहापुर निवासी सोमारू पटेल ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 16 नवंबर को तय है। शादी के लिए घर में पूरी तैयारी चल रही थी। उन्होंने बताया कि घर में लगभग दो लाख चालीस हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने एक कमरे में रखे गए थे। देर रात चोर घर में घुसे और पहले चाबी चुराई, फिर दूसरे कमरे का ताला खोलकर वह बाक्स उठा ले गए जिसमें गहने और रुपये रखे थे। सुबह जब परिवार के सदस्य उठे तो कमरे का ताला टूटा हुआ देखकर सभी के होश उड़ गए। चोरी की कुल कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा और लोहता थानाध्यक्ष निकिता सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के घरों में पूछताछ की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने मौके से उंगलियों के निशान सहित कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह चोरी पूरी योजना के तहत की गई लगती है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इलाके में पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे स्थानीय लोग दहशत में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए ताकि इस तरह की वारदातों पर रोक लग सके। वहीं, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है क्योंकि चोरी हुआ सारा सामान बेटी की शादी के लिए रखा गया था।
पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से की जा रही है और हर एंगल से मामले की तहकीकात हो रही है। आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। फिलहाल, लोहता क्षेत्र में यह चोरी चर्चा का विषय बनी हुई है और ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना गहराई हुई है।
Share this content:
