USA से छीना गया वनडे का दर्जा, UAE की महिला टीम को मिला बड़ा तोहफा
महिला क्रिकेट जगत से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां अमेरिका की महिला टीम से वनडे क्रिकेट खेलने का दर्जा छीन लिया गया है और इसका सीधा लाभ यूएई की महिला क्रिकेट टीम को मिला है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने 2025-29 चक्र के लिए जिन 16 महिला टीमों को वनडे दर्जा दिया है, उसमें अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) भी शामिल हो गई है। यह बदलाव 12 मई से प्रभावी होगा। इन 16 टीमों में पांच एसोसिएट सदस्य भी शामिल हैं – थाईलैंड, नीदरलैंड, पापुआ न्यू गिनी (PNG), स्कॉटलैंड और अब UAE।
थाईलैंड, नीदरलैंड, पापुआ न्यू गिनी और स्कॉटलैंड ने अपने वनडे दर्जे को बरकरार रखा है, जबकि UAE ने USA को रिप्लेस किया है। थाईलैंड और स्कॉटलैंड ने हाल ही में वर्ल्ड कप क्वालीफायर में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपना वनडे दर्जा बनाए रखा। वहीं PNG और नीदरलैंड ने अपनी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग के आधार पर यह दर्जा कायम रखा है। PNG टी20I रैंकिंग में 13वें और नीदरलैंड 15वें स्थान पर हैं, जबकि थाईलैंड और स्कॉटलैंड क्रमशः 11वें और 12वें स्थान पर काबिज हैं। सालाना रैंकिंग अपडेट के दौरान UAE टी20I रैंकिंग में 16वें स्थान पर थी, जिसकी वजह से वह अगली सर्वोच्च रैंकिंग वाली एसोसिएट टीम बन गई और उसे वनडे दर्जा मिल गया।
ICC के नियमों के अनुसार, वनडे दर्जा हासिल करने वाली टीमों को तीन से चार साल की अवधि में कम से कम आठ वनडे मैच खेलने होते हैं, ताकि वे अपनी रैंकिंग बनाए रख सकें। पाकिस्तान में आयोजित वर्ल्ड कप क्वालीफायर में स्कॉटलैंड ने थाईलैंड और वेस्टइंडीज को हराकर कुल छह टीमों में चौथा स्थान हासिल किया था, जबकि थाईलैंड को अपने सभी पांच मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। इस क्वालीफायर के जरिए पाकिस्तान और बांग्लादेश ने वर्ल्ड कप 2025 के लिए क्वालिफाई कर लिया है, जिसकी मेजबानी इसी साल के अंत में भारत करेगा। हालांकि, पाकिस्तान की टीम वर्ल्ड कप में भारत का दौरा नहीं करेगी और वह अपने मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर खेलने की योजना बना रही है।
Share this content:
