उर्वशी रौतेला के मंदिर वाले बयान पर बिफरीं रश्मि देसाई, बोलीं- “हिंदू धर्म मजाक बनता जा रहा है”
हाल ही में उर्वशी रौतेला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में बद्रीनाथ मंदिर के पास उनके नाम पर एक मंदिर मौजूद है। उनके इस बयान को लेकर अब टीवी एक्ट्रेस रश्मि देसाई ने नाराजगी जाहिर की है। रश्मि ने इसे अफसोसनाक बताते हुए कहा कि ऐसे बेतुके बयानों पर कोई कार्रवाई नहीं होती, जिससे लगता है कि भारत में हिंदू धर्म मजाक बनता जा रहा है। रश्मि ने उर्वशी के वायरल वीडियो को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा कि यह दुखद है कि धर्म के नाम पर लोग खेल खेलते हैं और राजनीतिक रूप से खुद को सही साबित करते रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए इस तरह की बेतुकी बातें करना चिंताजनक है।
उर्वशी रौतेला ने सिद्धार्थ कानन को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि उत्तराखंड में बद्रीनाथ के पास एक ‘उर्वशी मंदिर’ है और इसे लेकर न्यूज आर्टिकल भी मौजूद हैं। उन्होंने अपने बयान को लेकर गंभीरता दिखाई और दावा किया कि यह पूरी तरह सच है। इस बयान के बाद बद्रीनाथ के पुजारी भुवन चंद्र उनियाल ने नाराजगी जाहिर की और इसे अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा कि यह मंदिर उर्वशी रौतेला का नहीं है और ऐसे दावे करने वालों के खिलाफ सरकार को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
विवाद बढ़ने के बाद उर्वशी रौतेला की टीम की ओर से एक स्टेटमेंट जारी कर सफाई दी गई है। टीम ने कहा कि उर्वशी ने यह कहा था कि उत्तराखंड में एक मंदिर है जिसका नाम ‘उर्वशी मंदिर’ है, न कि ‘उर्वशी रौतेला का मंदिर’। टीम का कहना है कि लोग वीडियो को बिना ध्यान से देखे प्रतिक्रिया दे रहे हैं और सिर्फ ‘उर्वशी’ व ‘मंदिर’ जैसे शब्दों पर ध्यान देकर गलत मतलब निकाल रहे हैं। स्टेटमेंट में यह भी बताया गया कि दिल्ली विश्वविद्यालय में उर्वशी को ‘दमदमी माई’ कहा जाता था और इसके समर्थन में न्यूज आर्टिकल भी मौजूद हैं। टीम ने अपील की है कि उर्वशी के बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
Share this content:
