May 4, 2026

पिता ने चोर बेटे को खुद पहनाई हथकड़ी, बोला – गुनहगार है, सजा तो बनती है

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे गांव को सोचने पर मजबूर कर दिया। शाहपूर कला गांव में रहने वाले बुजुर्ग पिता ने जब अपने बेटे को चोरी करते पकड़ा, तो रिश्तों से ज़्यादा कानून और नैतिकता को तरजीह दी। उन्होंने बेटे को न सिर्फ रंगे हाथों पकड़ा, बल्कि पुलिस के पास ले जाकर खुद हथकड़ी पहनवाई और कहा – “अगर गलती की है तो सजा भी मिलनी चाहिए।”

 

घटना शनिवार दोपहर की है जब बुजुर्ग महिलाल को पता चला कि उनका बेटा दीपचंद गांव से कुछ दूरी पर जंगल में चोरी किए गए ई-रिक्शा के पुर्जे काट रहा है। ये बात सुनते ही महिलाल अपने परिवार के कुछ सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे और बेटे को रंगे हाथों पकड़ लिया। दीपचंद भागने की कोशिश भी कर रहा था, लेकिन पकड़ा गया।

 

इसके बाद महिलाल बेटे को ई-रिक्शा के कटे हुए पुर्जों सहित खुद कोतवाली ले गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके बेटे ने जुर्म किया है और अब कानून अपना काम करे। पुलिस ने तुरंत दीपचंद को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ की। उसने बताया कि उसने ई-रिक्शा की चोरी आनंद विहार से की थी।

 

पुलिस ने खुलासा किया कि दीपचंद नशे का आदी है और उसके खिलाफ पहले से ही तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। साथ ही दूसरे थानों से भी उसका रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

 

पिता के इस साहसिक कदम की गांवभर में तारीफ हो रही है। लोग कह रहे हैं कि अगर हर अभिभावक अपने बच्चों की गलतियों को ऐसे ही रोकने लगे, तो समाज से अपराध की जड़ें खुद-ब-खुद हिल जाएंगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!