दूसरी शादी से था नाराज, बेटे ने रची खौफनाक साजिश… गला घोंटा और फिर स्कॉर्पियो से कुचल दी मां
इटावा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। बलरई थाना क्षेत्र में एक बेटे ने अपनी ही मां की निर्मम हत्या कर दी, क्योंकि वह मां की दूसरी शादी से नाराज था। बेटा वर्षों से इस साजिश की तैयारी कर रहा था और आखिरकार 28 जुलाई की रात उसने अपने दो दोस्तों की मदद से मां को मौत के घाट उतार दिया।
मृतका यशोदा देवी की पहचान तब हुई जब उनका खून से लथपथ शव फकीरे की मड़ैया गांव के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो 36 घंटे बाद उनकी शिनाख्त आगरा जिले की रहने वाली यशोदा देवी के रूप में हुई। इसके बाद मामला तेजी से आगे बढ़ा और खुलासे में जो सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया।
पुलिस के मुताबिक, यशोदा देवी ने अपने पहले पति के रहते हुए ही रामनिवास शर्मा से दूसरी शादी कर ली थी। इसी बात से उनका बेटा कौशल शर्मा बेहद नाराज था। उसे यह रिश्ता सामाजिक रूप से अपमानजनक लग रहा था और इसका असर उसकी अपनी शादी पर भी पड़ रहा था। इसी नाराजगी और कलंक के बोझ में वह अपनी ही मां का खून करने को तैयार हो गया।
हत्या की रात कौशल ने मां को दवा दिलाने के बहाने बाइक से बुलाया। रास्ते में उसके दोस्त रजत और बोबी पहले से स्कॉर्पियो लेकर मौजूद थे। तीनों ने मिलकर पहले यशोदा देवी का गला दबाया, फिर उन्हें स्कॉर्पियो से कुचल डाला। हत्या के बाद मोबाइल जलाया गया ताकि सबूत मिटाया जा सके।
पुलिस को घटनास्थल से स्कॉर्पियो, बाइक और जले हुए मोबाइल मिले। मोबाइल लोकेशन और CCTV फुटेज की मदद से पूरी साजिश का खुलासा हुआ। अब तक कौशल शर्मा, रजत और बोबी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपी – सतवीर, सौरभ और एक अन्य – अभी फरार हैं।
सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह और बलरई थाने की टीम ने इस मामले में बड़ी भूमिका निभाई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा।
Share this content:
