UP Crime: 80 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, नेपाल तस्करी की थी तैयारी
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से बड़ी कामयाबी सामने आई है, जहां रूपईडीहा भारत-नेपाल सीमा पर तैनात स्थानीय पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने 80 लाख रुपये मूल्य की स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
संयुक्त गश्त के दौरान रेलवे लाइन के पास पिलर संख्या 651/2 पर नेपाल की ओर तेजी से भागते एक युवक को टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 100 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में युवक की पहचान राजन उर्फ राजा अवस्थी (19 वर्ष), निवासी ग्राम रजनापुर दा. गोबरहा, थाना रामनगर, जिला बाराबंकी के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है।
हालांकि, पुलिस की यह सफलता केवल एक शुरुआत मानी जा रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब तक इस अवैध धंधे के पीछे सक्रिय बड़े सरगनाओं को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक नशा कारोबार पर लगाम लगाना मुश्किल होगा। वहीं शुरुआती जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि युवक किसी गिरोह द्वारा बहला-फुसलाकर इस काम में लगाया गया हो, या वह खुद नेपाल में स्मैक की तस्करी के इरादे से आया हो।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
Share this content:
