April 21, 2026

उत्तर प्रदेश के बहराइच में चोरी के माल के बंटवारे को लेकर हुई मुठभेड़, चार बदमाश गिरफ्तार, एक घायल

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र के भाकला गांव के गांधी घाट पर रविवार आधी रात को पुलिस और बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ मुठभेड़ हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि बदमाशों का एक समूह चोरी के माल के बंटवारे के लिए जमा हो रहा है और वे किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने स्वाट टीम के साथ गांव के गांधी घाट पर बदमाशों को चारों तरफ से घेर लिया। लेकिन जब बदमाशों को घेराबंदी का पता चला तो उन्होंने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश रज्जब अली के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। तीन अन्य बदमाश अबरार, तसव्वुर, और त्रिलोकी पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

घायल बदमाश रज्जब अली एक हिस्ट्री शिटर है और उसे प्राथमिक इलाज के लिए फखरपुर सीएचसी ले जाया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो तमंचा 12 बोर, दो कारतूस, दो बाइकें और चोरी का समान बरामद किया है। इस घटना से इलाके में पुलिस की सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था की प्रशंसा हो रही है।

फखरपुर के एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने पूरी सावधानी से बदमाशों की घेराबंदी की और स्थानीय सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कार्रवाई की। जांच अभी जारी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!