दिल्ली पुलिस ने 77 साल के बुजुर्ग ठग को गिरफ्तार किया, जो खुद को सेना का कर्नल बताकर करता था ठगी
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पंजाब के पटियाला से 77 वर्षीय सीताराम गुफ्ता उर्फ सीताराम सिंगला को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को भारतीय सेना का कर्नल बताकर युवाओं को सेना में नौकरी दिलाने और सेना कल्याण आवास संगठन (एडब्ल्यूएचओ) में फ्लैट और दुकान दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करता था।
पीड़ितों को झांसा देने के लिए वह सेना से जुड़ी नकली रसीदें भी देता था। आरोपी पिछले कई वर्षों से फरार था और पुलिस से बचने के लिए अपने परिवार को छोड़कर एक वृद्धाश्रम में छिपा हुआ था।
दिल्ली के विवेक विहार इलाके के एक बैंक कर्मचारी ने साल 2007 में इस ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने 56 हजार रुपये लेकर फ्लैट दिलाने का वादा किया था, लेकिन बाद में पता चला कि यह पूरी रसीद नकली थी। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद कोर्ट ने उसे भगौड़ा घोषित कर दिया था।
सीताराम ने सेना में तेल ठेकेदार के रूप में काम किया था और भर्ती प्रक्रिया और अधिकारियों की जानकारी हासिल की थी, जिससे उसने ठगी करने के लिए खुद को कर्नल बताने का बहाना बनाया। 1987 से दिल्ली में रहते हुए वह ठगी करता रहा। पुलिस अब इस मामले की जांच और अन्य संबंधित ठगी के मामलों में आरोपी की संलिप्तता तलाश रही है।
Share this content:
