ओडिशा में सरकारी भवनों पर लागू होगा यूनिफॉर्म कलर कोड, भगवा रंग में रंगी जाएंगी सभी दीवारें
ओडिशा सरकार ने राज्य के सभी सरकारी भवनों को एक समान रंग कोड में रंगने का आदेश जारी किया है। इसके तहत नए और पुराने सभी सरकारी कार्यालयों की बाहरी दीवारों और किनारों को हल्के भगवा और टेराकोटा रंगों में रंगने का निर्देश दिया गया है। यह आदेश 30 जुलाई को जारी हुआ है और राज्य के सभी विभागों तथा सार्वजनिक क्षेत्रों पर लागू होगा।
इस योजना का मकसद सरकारी भवनों की बाहरी सजावट में एकरूपता लाना बताया गया है। भगवा रंग कोड को अपनाने से पहले यूपी में भी इसी तरह सरकारी संस्थानों और वाहनों पर भगवा रंग लगाने का कार्य किया जा चुका है। योगी सरकार के तहत यूपी के कई सार्वजनिक स्थल भगवामय किए जा चुके हैं।
साथ ही, ओडिशा में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की सरकार ने माध्यमिक विद्यालयों के छात्रों के लिए भी स्कूल ड्रेस का रंग बदला है। अब सफेद-हरे के बजाय हल्का भूरा और मैरून रंग स्कूल ड्रेस का हिस्सा होगा। यह बदलाव ‘मुख्यमंत्री छात्र छात्रा परिधान योजना’ के तहत किया गया है।
इस फैसले पर विपक्षी बीजद पार्टी ने तीखी आलोचना की है। बीजद प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने कहा कि सरकार विकास के बजाय रंग बदलने में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाएं असुरक्षित हैं और कानून-व्यवस्था चरमरा चुकी है, लेकिन सरकार ध्यान भटकाने के लिए रंगों में बदलाव कर रही है।
ओडिशा में रंग परिवर्तन की यह नीति राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बनी हुई है। कहीं इसे सांस्कृतिक एकरूपता की ओर कदम माना जा रहा है, तो कहीं इसे चुनावी माहौल में राजनीतिक संदेश देने की कोशिश। फिलहाल, भगवा रंग ओडिशा के सरकारी भवनों पर छाने को तैयार है।
Share this content:
