April 17, 2026

त्योहारों पर स्वच्छता और सुरक्षा पर जोर, मिशन शक्ति 5.0 की होगी शुरुआत

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी पर्व और त्योहारों की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदेश में त्योहारों का आयोजन उल्लास और सौहार्दपूर्ण माहौल में हो, लेकिन इस दौरान सुरक्षा और सुविधा में किसी तरह की कमी न आने पाए। सीएम योगी ने साफ कहा कि मंदिरों में स्वच्छता, पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण तय समयसीमा में पूरा हो ताकि श्रद्धालुओं और आम जनता को असुविधा न हो।

बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए। सीएम ने अधिकारियों से विभागीय तैयारियों की जानकारी ली और स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान प्रदेश में शांति व्यवस्था बनाए रखना सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि यूपी में पिछले कुछ वर्षों में पर्व-त्योहार सौहार्द और सुरक्षा के बीच मनाए गए हैं और इस परंपरा को बनाए रखना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर बताया कि शारदीय नवरात्रि से “मिशन शक्ति 5.0” की शुरुआत की जाएगी। यह अभियान नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर केंद्रित होगा और एक महीने तक चलेगा। इसके तहत 21 सितंबर को महिला पुलिसकर्मियों की बाइक रैली और 22 सितंबर से एंटी रोमियो स्क्वॉड की सक्रियता बढ़ाई जाएगी। उन्होंने महिला अधिकारियों को ग्राम पंचायत स्तर पर सुरक्षा और योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया। साथ ही मिशन शक्ति में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को राज्य और जिला स्तर पर सम्मानित भी किया जाएगा।

सीएम योगी ने पुलिस-प्रशासन को त्योहारों के दौरान 24×7 अलर्ट रहने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फर्जी खबरें फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। अधिकारी लगातार निगरानी रखें और अफवाहों का खंडन समय पर करें। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि छोटी सी लापरवाही बड़े विवाद का कारण बन सकती है, इसलिए संवेदनशील स्थानों पर ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए।

त्योहारों के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सीएम ने विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में दवाओं की कमी न हो, ट्रॉमा सेवाएं लगातार उपलब्ध रहें और सांप के काटने की दवा (स्नेक वेनम) व रैबीज इंजेक्शन हर जगह पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हों। बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत किट और खाद्य सामग्री जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचाई जाए और किसी भी जनहानि पर पीड़ित परिवार को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने अंत में अधिकारियों से कहा कि आईजीआरएस, समाधान दिवस और सीएम हेल्पलाइन जैसी व्यवस्थाओं के जरिए आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निपटारा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभाग रोजाना अपनी गतिविधियों की समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि जनता को किसी भी स्तर पर कठिनाई न हो।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!