मराठी एक्टर तुषार घाडीगांवकर का सुसाइड से निधन, करियर में संघर्ष बना वजह?
मराठी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. जाने-माने अभिनेता तुषार घाडीगांवकर ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली है. एक्टर की डेड बॉडी मुंबई के भांडुप इलाके में उनके घर से बरामद की गई. इस खबर ने पूरी मराठी फिल्म और टीवी इंडस्ट्री को हिला कर रख दिया है. तुषार की मौत की पुष्टि उनके करीबी दोस्त अंकुर वधे ने सोशल मीडिया के जरिए की, जिन्होंने इस घटना पर गहरा दुख जताया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, तुषार लंबे समय से काम न मिलने और डिप्रेशन से जूझ रहे थे. पुलिस को सूचना मिलने के बाद जब वे मौके पर पहुंची, तो तुषार बेहोश हालत में पाए गए. उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.
तुषार के दोस्त अंकुर वधे ने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट में लिखा, “क्यों दोस्त? किस लिए? चीजें आती-जाती हैं, लेकिन आत्महत्या कोई रास्ता नहीं होता. मैं मानता हूं कि हालात मुश्किल हैं, लेकिन ये फैसला नहीं होना चाहिए था.” इसी पोस्ट पर मराठी अभिनेता वैभव मांगले ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “लोग अंदर से टूटे होते हैं. उम्मीदों और हकीकत की खाई बढ़ती जा रही है.”
तुषार घाडीगांवकर ने कई चर्चित मराठी सीरियल्स और फिल्मों में काम किया था. वह ‘लवंगी मिर्ची’, ‘मन कस्तूरी रे’, ‘सुखाचा सरनी हे मन बावरे’ जैसे धारावाहिकों में नजर आए थे. इसके अलावा उन्होंने ‘भौबली’, ‘उनाद’, ‘जोम्बिवली’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया था. लेकिन पिछले कुछ समय से वे इंडस्ट्री में एक्टिव नहीं थे और मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहे थे.
इस घटना ने एक बार फिर मनोरंजन जगत में मानसिक स्वास्थ्य और काम के दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. तुषार का जाना मराठी इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति है.
Share this content:
