ट्रेन में एक्ट्रेस से लूटपाट की कोशिश, रेलवे की सुरक्षा पर उठे सवाल!
मध्य प्रदेश के कटनी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां चलती ट्रेन में छत्तीसगढ़ की फिल्म एक्ट्रेस ज्योत्सना ताम्रकार के साथ लूटपाट की कोशिश की गई. एक्ट्रेस ने खुद इस वारदात की जानकारी सोशल मीडिया वीडियो के ज़रिए दी, जिससे ना सिर्फ यात्री डरे हुए हैं, बल्कि रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
घटना 19 जून की रात की है, जब ज्योत्सना रीवा से बिलासपुर जा रही थीं. ट्रेन जैसे ही कटनी से निकलकर आउटर पर रुकी, किसी बदमाश ने खिड़की से उनका पर्स और मोबाइल छीनने की कोशिश की. नाकाम रहने पर बदमाश ने उनकी आंख के नीचे जोरदार मुक्का मारा और फरार हो गया. एक्ट्रेस ने बताया कि एस-1 से एस-5 कोच तक कई अन्य यात्रियों के साथ भी इसी तरह की लूटपाट की गई. हैरानी की बात यह रही कि ट्रेन में कोई RPF या GRP जवान तैनात नहीं था.
ज्योत्सना ने तुरंत ही रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल कर मदद मांगी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. बिलासपुर स्टेशन पर पहुंचने के बाद उन्होंने एक घंटे तक जीआरपी या किसी अधिकारी का इंतज़ार किया, पर कोई नहीं आया. उन्होंने बताया कि ट्रेन के कई डिब्बों में एक जैसी घटनाएं हुईं, जिससे साफ है कि यह किसी संगठित गिरोह का काम है.
इस घटना के सामने आने के बाद रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. एक्ट्रेस ने सरकार और रेलवे प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है. वहीं, जीआरपी ने कहा है कि सोशल मीडिया के जरिए उन्हें सूचना मिली है और वे जांच के बाद कार्रवाई करेंगे. बिलासपुर जीआरपी ने भी बताया कि एक्ट्रेस से संपर्क किया गया था और उन्होंने रायपुर में एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है.
अब देखना होगा कि इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन अपनी सुरक्षा व्यवस्था को सुधारता है या फिर ऐसी घटनाएं बार-बार यात्रियों को डराती रहेंगी.
Share this content:
