May 7, 2026

भारत: 40 की उम्र के बाद महिलाओं में क्यों बढ़ जाता है हेयर फॉल? जानें कारण और कंट्रोल के उपाय

Women Hair Fall After 40: महिलाओं में बाल झड़ने की समस्या आम है, लेकिन 40 साल की उम्र के बाद यह परेशानी ज्यादा गंभीर हो जाती है। इस उम्र में कई महिलाएं अचानक बढ़ते हेयर फॉल से परेशान रहती हैं और इसे लेकर चिंता भी बढ़ जाती है। सवाल यही है कि आखिर 40 के बाद बाल ज्यादा क्यों झड़ते हैं और क्या इसे कंट्रोल किया जा सकता है।

मैक्स अस्पताल के डर्मेटोलॉजी विभाग की डॉक्टर सौम्या सचदेवा के अनुसार, 40 वर्ष की उम्र के बाद हेयर फॉल बढ़ने का सबसे बड़ा कारण हार्मोनल बदलाव है। इस उम्र में कई महिलाओं में मेनोपॉज की शुरुआत हो जाती है, जिससे एस्ट्रोजन जैसे जरूरी हार्मोन कम होने लगते हैं। इसका सीधा असर बालों की जड़ों पर पड़ता है और बाल कमजोर होकर झड़ने लगते हैं। इसके अलावा आयरन, विटामिन डी और बायोटिन की कमी भी बालों के झड़ने की बड़ी वजह बनती है।

डॉक्टरों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में 40 से ज्यादा उम्र की महिलाओं में हेयर फॉल के मामले तेजी से बढ़े हैं। इसकी एक अहम वजह मानसिक तनाव भी है। लगातार तनाव, नींद की कमी और बदलती लाइफस्टाइल बालों की ग्रोथ को प्रभावित करती है। तनाव के कारण बालों का नेचुरल ग्रोथ साइकिल बिगड़ जाता है, जिससे बाल तेजी से झड़ने लगते हैं। कुछ मामलों में ऑटोइम्यून बीमारियां भी हेयर फॉल का कारण बनती हैं, जिन्हें पूरी तरह ठीक करना मुश्किल होता है।

इसके अलावा थायराइड और डायबिटीज जैसी बीमारियां भी बाल झड़ने की समस्या को बढ़ा सकती हैं। अगर समय रहते इन बीमारियों को कंट्रोल कर लिया जाए, तो हेयर फॉल को काफी हद तक रोका जा सकता है। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि हर मामले में बालों को पूरी तरह बचाना संभव नहीं होता, लेकिन सही देखभाल से नुकसान को कम जरूर किया जा सकता है।

हेयर फॉल कंट्रोल करने के लिए संतुलित डाइट बेहद जरूरी है। प्रोटीन, आयरन और विटामिन से भरपूर भोजन लें, विटामिन डी युक्त चीजें जैसे मशरूम शामिल करें और खूब पानी पिएं। इसके साथ ही रोजाना योग, ध्यान और हल्की एक्सरसाइज से तनाव कम करें। नियमित रूप से सिर की हल्की मालिश करने से भी बालों की जड़ों को मजबूती मिलती है और हेयर फॉल कंट्रोल में रहता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!