May 6, 2026

ईरान पर हमले के बाद नेतन्याहू ने की ट्रंप की तारीफ, बोले- उन्होंने कर दिखाया जो कोई नहीं कर सकता

अमेरिका द्वारा ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों पर किए गए हमले के बाद इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का बयान सामने आया है। नेतन्याहू ने इस कार्रवाई के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बधाई देते हुए कहा कि ट्रंप इतिहास बदल देंगे। उन्होंने इस हमले को साहसिक और निर्णायक करार दिया और कहा कि अमेरिका की ताकत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि शांति की शुरुआत शक्ति से होती है। नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिका ने वह कर दिखाया है जो पृथ्वी पर कोई और देश नहीं कर सका।

नेतन्याहू ने हमले को “बहुत सफल” बताया और कहा कि ईरान की परमाणु सुविधाओं को निशाना बनाना एक ऐतिहासिक निर्णय था। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान जैसे खतरनाक शासन और उसके हथियारों को चुनौती दी है और यह पूरी दुनिया के लिए एक सकारात्मक संदेश है। नेतन्याहू ने यह भी दोहराया कि ट्रंप और वे स्वयं हमेशा कहते आए हैं कि पहले ताकत आती है, फिर शांति आती है — और इस हमले ने उस सिद्धांत को चरितार्थ कर दिया है।

अमेरिका ने शुक्रवार देर रात फोर्डो, नतांज और इस्फहान पर बम गिराए, जो ईरान के परमाणु कार्यक्रम की रीढ़ माने जाते थे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद इस हमले की जानकारी देते हुए कहा कि यह एक शानदार सैन्य सफलता रही और इन सभी ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है। ट्रंप ने इसे दुनिया के लिए एक सुरक्षित भविष्य की दिशा में बड़ा कदम बताया।

हमले के बाद ट्रंप ने नेतन्याहू का आभार जताया और कहा कि अमेरिका और इजराइल ने एक टीम की तरह काम करते हुए ईरान के खतरे को खत्म करने की दिशा में एक लंबा सफर तय किया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई सिर्फ सैन्य नहीं, बल्कि रणनीतिक और ऐतिहासिक भी है, जो आने वाले वर्षों में वैश्विक शक्ति समीकरण को बदल सकती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!