May 6, 2026

ईरान पर अमेरिकी हमला, खामेनेई ने दी बदले की चेतावनी, हर अमेरिकी अब टारगेट पर

ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमले के बाद पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर पहुंच गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने फोर्डो, नतांज और इस्फाहान पर सफल हमले का दावा किया है, जिसे ईरान ने युद्ध की अकारण शुरुआत बताया है। सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका को अब पहले से ज्यादा झटकों के लिए तैयार रहना होगा। ईरानी मीडिया ने ट्रंप को धमकी दी कि अब हर अमेरिकी नागरिक और सैनिक निशाने पर हैं।

खामेनेई के प्रतिनिधि होसैन शरीयतमादारी ने कहा कि अब देर किए बिना जवाब देना चाहिए। उन्होंने अमेरिकी नौसेना के बहरीन स्थित अड्डे पर मिसाइल हमला करने और होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की बात कही। यह बयान इस ओर इशारा करता है कि ईरान अब सैन्य जवाब की ओर बढ़ रहा है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि ईरान पर हमला ऐतिहासिक था, खासकर फोर्डो पर बमों का पूरा पेलोड गिराया गया। यह हमला उस बयान के दो दिन बाद हुआ जिसमें ट्रंप ने कहा था कि वे दो हफ्तों में कोई फैसला लेंगे। उधर, इजराइल ने अलर्ट लेवल बढ़ा दिया है और हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया है।

ईरान का कहना है कि अमेरिकी हमलों से पहले ही ठिकानों को खाली कर लिया गया था, लेकिन इजराइली सेना का दावा है कि हमले से परमाणु सुविधाओं को गंभीर नुकसान पहुंचा है। ईरान ने साफ कर दिया है कि अब खेल अमेरिका ने शुरू किया है, खत्म वह खुद करेगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!