April 30, 2026

अमेरिका की धरती से ट्रंप को खुली चुनौती दे रहे मादुरो, जेल से खुद को बताया वेनेजुएला का राष्ट्रपति

न्यूयॉर्क की अदालत में पेशी के दौरान मादुरो ने अमेरिकी आरोपों से किया इनकार, दिग्गज वकील बैरी पोलैक के सहारे कानूनी लड़ाई तेज

वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो इस समय अमेरिका की जेल में बंद हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके तेवर नरम नहीं पड़े हैं। न्यूयॉर्क के मैनहैटन में स्थित अमेरिकी फेडरल कोर्ट में पेशी के दौरान मादुरो ने खुद को वेनेजुएला का राष्ट्रपति बताते हुए अमेरिका और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सीधी चुनौती दे दी। इस बयान को अंतरराष्ट्रीय राजनीति में एक बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि यह चुनौती अमेरिका की धरती से दी गई है, जहां मादुरो गंभीर आरोपों का सामना कर रहे हैं।

अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज एल्विन हेलरस्टीन की अदालत में पेश होते हुए मादुरो ने दावा किया कि उन्हें जबरन वेनेजुएला से अमेरिका लाया गया। उन्होंने अदालत में कहा कि वह एक शरीफ व्यक्ति हैं और अपने देश के वैध राष्ट्रपति हैं। मादुरो ने अमेरिकी अभियोजकों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को खारिज करते हुए खुद को राजनीतिक साजिश का शिकार बताया। उनके इस बयान को डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की उस नीति के जवाब के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें ट्रंप ने कहा था कि वेनेजुएला में नई सरकार बनने तक अमेरिका वहां की स्थिति को नियंत्रित करेगा।

अमेरिका ने मादुरो पर अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का नेतृत्व करने का गंभीर आरोप लगाया है। अमेरिकी अभियोजकों के अनुसार, मादुरो ने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठनों के साथ मिलकर बड़ी मात्रा में कोकीन अमेरिका में स्मगल कराने की साजिश रची। उन पर नार्को-टेररिज्म, कोकीन तस्करी की साजिश और कई अन्य संगीन अपराधों के आरोप लगाए गए हैं। यदि मादुरो दोषी पाए जाते हैं, तो उन्हें उम्रकैद तक की सजा हो सकती है। गिरफ्तारी के बाद सामने आई उनकी पहली तस्वीर में उनके हाथों में हथकड़ी और आंखों पर पट्टी दिखाई दी थी, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा।

इस हाई-प्रोफाइल केस में मादुरो की ओर से कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं अमेरिका के मशहूर ट्रायल लॉयर बैरी पोलैक। हैरिस सेंट लॉरेंट एंड वेचस्लर एलएलपी से जुड़े पोलैक को अमेरिका के सबसे अनुभवी और प्रभावशाली आपराधिक वकीलों में गिना जाता है। उनके पास 30 से ज्यादा वर्षों का अनुभव है और वे राष्ट्रीय सुरक्षा, अंतरराष्ट्रीय अपराध, भ्रष्टाचार और वित्तीय अपराधों से जुड़े मामलों में विशेषज्ञ माने जाते हैं। बैरी पोलैक वही वकील हैं, जिनकी कोशिशों के चलते विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे को जेल से बाहर आने में मदद मिली थी।

बैरी पोलैक की पहचान ऐसे वकील के रूप में रही है, जो बेहद कठिन और असंभव माने जाने वाले मामलों में भी सकारात्मक नतीजे निकालने का दम रखते हैं। उन्होंने एक चर्चित मामले में मार्टिन टैंकलेफ नाम के व्यक्ति की डबल मर्डर की सजा पलटवाई थी, जिसने 17 साल जेल में बिताए थे। बाद में उसी केस में पोलैक ने सिविल मुकदमे के जरिए 13.4 मिलियन डॉलर का मुआवजा भी दिलवाया था। यही वजह है कि मादुरो की कानूनी टीम में उनकी मौजूदगी को बेहद रणनीतिक कदम माना जा रहा है।

फिलहाल निकोलस मादुरो को न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित जेल में रखा गया है, जो पहले भी अव्यवस्थाओं और खराब हालात को लेकर चर्चा में रही है। इस जेल में पहले भी कई हाई-प्रोफाइल कैदी रह चुके हैं। मादुरो का यह मामला न सिर्फ कानूनी बल्कि वैश्विक राजनीति के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है, जिस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!