April 30, 2026

ट्रंप की मनमानी कब रुकेगी? सपा सांसद रामगोपाल यादव ने बताया भारत को आगे बढ़ने का रास्ता

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 50% टैरिफ लगाए जाने के फैसले ने देश की राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ सांसद रामगोपाल यादव ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ट्रंप की यह मनमानी ज्यादा दिन नहीं चलेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि अगले साल होने वाले अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के चुनाव में ट्रंप की पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा, जिससे यह आर्थिक दादागिरी रुक जाएगी।

 

रामगोपाल यादव ने कहा कि अमेरिका इस समय पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था को अस्थिर करने का काम कर रहा है। भारत पर लगाए गए अतिरिक्त टैरिफ के पीछे उसका उद्देश्य रूस से तेल खरीदने पर भारत को सज़ा देना है। उन्होंने जोर दिया कि भारत को अब वैकल्पिक बाजारों की तलाश करनी होगी, खासकर टेक्सटाइल और ज्वेलरी जैसे क्षेत्रों में, जो अमेरिका पर निर्भर हैं।

 

सपा सांसद ने यह भी कहा कि भारत को अपने डिप्लोमैटिक चैनल्स को सक्रिय रखना चाहिए और वैश्विक स्तर पर रणनीतिक बातचीत जारी रखनी चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय था जब भारत टेक्सटाइल एक्सपोर्ट में सबसे आगे था, लेकिन अब श्रीलंका, बांग्लादेश और वियतनाम जैसे देश आगे निकल गए हैं। हमें अपनी गुणवत्ता पर ध्यान देना होगा और नए बाजार तलाशने होंगे।

 

रामगोपाल यादव ने भारत सरकार की मौजूदा विदेश नीति के कुछ कदमों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का चीन दौरा और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल का रूस भेजा जाना सही दिशा में उठाए गए कदम हैं। इस तरह की रणनीतिक पहल से भारत को ट्रंप की दबाव वाली नीतियों से निपटने में मदद मिलेगी।

 

गौरतलब है कि ट्रंप ने भारत पर पहले 25% टैरिफ लगाया था, जिसे अब बढ़ाकर 50% कर दिया गया है। ट्रंप का कहना है कि भारत का रूस से तेल कारोबार अमेरिका की रणनीति के खिलाफ है, इसलिए वह भारत को इसके लिए आर्थिक कीमत चुकाने पर मजबूर कर रहे हैं। यह पहला मौका नहीं है जब ट्रंप ने भारत के खिलाफ ऐसे कदम उठाए हों, लेकिन भारत की रणनीतिक स्वायत्तता पर अब यह नया दबाव बनता दिख रहा है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!