नीली आंखों वाली मॉडल सिडनी स्वीनी के समर्थन में उतरे ट्रंप, एक विज्ञापन ने खड़ा किया बड़ा विवाद
27 वर्षीय हॉलीवुड एक्ट्रेस और मॉडल सिडनी स्वीनी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वजह है एक डेनिम ब्रांड अमेरिकन ईगल का हालिया विज्ञापन, जिसमें सिडनी स्वीनी मुख्य भूमिका में नजर आई हैं। हालांकि यह विज्ञापन लॉन्च होते ही वायरल हो गया, लेकिन इसके एक डायलॉग को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद भी गहरा गया। दिलचस्प बात यह है कि इस पूरे विवाद के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सिडनी का खुलकर समर्थन किया है।
विज्ञापन में सिडनी स्वीनी कहती हैं – “Genes are passed down from parents to offspring. My jeans are blue.” इस लाइन का शाब्दिक अर्थ है कि जैसे जीन माता-पिता से संतानों में आते हैं, वैसे ही मेरी जींस नीली है। इसके साथ स्लोगन चलता है – “Sydney Sweeney has great jeans.” यहां “jeans” और “genes” को लेकर डबल मीनिंग इस्तेमाल किया गया, जिससे विवाद खड़ा हो गया। कुछ लोग इसे नस्लभेदी और सौंदर्य मानकों से जोड़कर आलोचना कर रहे हैं।
इस बहस के बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर सिडनी स्वीनी के विज्ञापन को “सबसे हॉट” बताया और उनके स्टाइल की जमकर तारीफ की। ट्रंप ने कहा कि अगर सिडनी रिपब्लिकन हैं, जैसा कि रिपोर्ट्स कहती हैं, तो उन्हें हर हाल में समर्थन मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका में कई लोग चुपचाप रिपब्लिकन हैं, जिनकी संख्या लोगों की सोच से कहीं ज्यादा है।
गौरतलब है कि सिडनी स्वीनी 2024 से फ्लोरिडा में रजिस्टर्ड रिपब्लिकन हैं, लेकिन उन्होंने कभी अपनी राजनीतिक विचारधारा को सार्वजनिक रूप से जाहिर नहीं किया है। ऐसे में ट्रंप की ये प्रतिक्रिया सियासी हलकों में भी चर्चा का विषय बन गई है। सिडनी का यह एड अब केवल एक फैशन कैंपेन नहीं रह गया, बल्कि राजनीति और सोशल माइंडसेट की बहस में तब्दील हो चुका है।
अमेरिकन ईगल ने भी इस विवाद पर सफाई दी है। कंपनी का कहना है कि यह विज्ञापन केवल जींस और स्टाइल को लेकर है, इसका कोई राजनीतिक या नस्लीय अर्थ नहीं है। लेकिन ट्रंप के समर्थन के बाद ये मामला और तूल पकड़ गया। इतना ही नहीं, ट्रंप के समर्थन के बाद अमेरिकन ईगल के शेयरों में करीब 20% की बढ़त भी दर्ज की गई है, जिससे ब्रांड को अप्रत्याशित लाभ हुआ।
यह पूरी घटना एक बार फिर दिखाती है कि अमेरिका में सेलिब्रिटी एंडोर्समेंट, राजनीति, और सोशल मीडिया डिबेट किस तरह आपस में उलझते जा रहे हैं। एक साधारण विज्ञापन, जिसे केवल मार्केटिंग टूल माना जाता था, अब सामाजिक और राजनीतिक बहस का माध्यम बन चुका है। और जब इसमें राष्ट्रपति ट्रंप जैसे कद्दावर नेता की एंट्री हो जाए, तो मामला सिर्फ ब्रांड तक सीमित नहीं रहता, बल्कि एक राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बन जाता है।
Share this content:
