May 4, 2026

नोबेल शांति पुरस्कार की दौड़ में डोनाल्ड ट्रंप, पाकिस्तान के बाद अब कंबोडिया ने भी किया नामांकन का समर्थन

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम एक बार फिर से नोबेल शांति पुरस्कार की दौड़ में तेजी से उभरकर सामने आया है। इस बार कंबोडिया सरकार ने भी उन्हें शांति का वाहक मानते हुए उनके नाम की सिफारिश की घोषणा की है। इससे पहले पाकिस्तान की ओर से भी जून 2025 में ट्रंप के नाम को नामांकित किया जा चुका है। दोनों देशों के इस समर्थन ने ट्रंप के दावे को और मजबूत बना दिया है कि वे यह प्रतिष्ठित पुरस्कार लेकर ही रहेंगे।

 

जून में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर को व्हाइट हाउस में आमंत्रित किया था। इस दौरान पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने सार्वजनिक रूप से ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामांकित किया था। अब कंबोडिया ने भी उनकी सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने थाईलैंड और कंबोडिया के बीच लंबे समय से चल रहे सीमा विवाद को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने में अहम भूमिका निभाई है।

 

कंबोडिया के उप-प्रधानमंत्री सन चैंथोल ने ट्रंप की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यदि ट्रंप का हस्तक्षेप न होता, तो सीमा विवाद में अभी और भी जानें जातीं और लाखों लोग प्रभावित होते। चान्थोल के अनुसार, ट्रंप की मध्यस्थता ने ही दोनों देशों के बीच संघर्ष को रोका, जहां अब तक कम से कम 45 लोगों की जान जा चुकी थी और बड़ी संख्या में लोगों को विस्थापित होना पड़ा था।

 

व्हाइट हाउस की प्रवक्ता अन्ना केली ने इस मामले में बयान जारी करते हुए कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की वैश्विक कूटनीति, अमेरिकी सैन्य शक्ति और आर्थिक साधनों का इस्तेमाल करके उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संघर्षों को रोकने में भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि ट्रंप की रणनीतिक सोच ने दशकों से चली आ रही दुश्मनी को भी शांति में बदलने में मदद की है।

 

अब तक इज़राइल, पाकिस्तान और अब कंबोडिया जैसे देशों की ओर से ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है। यह पुरस्कार उन लोगों या संस्थाओं को दिया जाता है जिन्होंने देशों के बीच भाईचारा और शांति को बढ़ावा दिया हो। कंबोडिया-थाईलैंड विवाद पर ट्रंप की भूमिका को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है, जिससे यह संभावना और मजबूत हो गई है कि ट्रंप जल्द ही यह सम्मान हासिल कर सकते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!