May 2, 2026

हर दिन अमेरिका से निकाले जा रहे 8 भारतीय, ट्रंप कार्यकाल में निर्वासन में आई तेज़ी

डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में अमेरिका से भारतीय नागरिकों को डिपोर्ट किए जाने की रफ्तार काफी तेज हो गई है। पिछले साढ़े छह महीनों में ही 1,703 भारतीयों को अमेरिका से वापस भारत भेजा जा चुका है, जो जो बाइडेन प्रशासन की तुलना में तीन गुना ज्यादा है। विदेश मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अब लगभग हर दिन औसतन आठ भारतीयों को अमेरिका से निर्वासित किया जा रहा है, जबकि बाइडेन सरकार के दौरान यह औसत तीन था।

 

ट्रंप प्रशासन के नए नियमों और कड़ी निगरानी के कारण निर्वासन की संख्या में यह बड़ा उछाल आया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने वीजा धारकों को सख्त चेतावनी जारी की है कि अगर कोई प्रवासी अमेरिका के कानूनों और आव्रजन नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसका वीजा तत्काल रद्द कर दिया जाएगा और उसे देश से बाहर किया जाएगा। हाल के महीनों में कई बार वीजा नियमों को और कठोर किया गया है।

 

इस साल के निर्वासन में से 864 भारतीयों को अमेरिकी एजेंसियों द्वारा संचालित चार्टर और सैन्य उड़ानों के जरिए भेजा गया है। सबसे ज्यादा डिपोर्टेशन फरवरी, मार्च, जून और जुलाई में हुआ। उदाहरण के तौर पर, 5, 15 और 16 फरवरी को 333 भारतीयों को, 19 मार्च, 8 जून और 25 जून को 231 भारतीयों को और 5 व 18 जुलाई को 300 भारतीयों को डिपोर्ट किया गया।

 

इस सख्ती को लेकर कई देशों ने अमेरिका की आलोचना की है, लेकिन ट्रंप का रुख बिल्कुल स्पष्ट है—अवैध प्रवासियों के लिए अमेरिका में कोई जगह नहीं। उनके मुताबिक अमेरिका में कानून तोड़ने वालों को सख्ती से बाहर निकालना ही राष्ट्रहित में है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!