May 1, 2026

दूसरा विकल्प भी तैयार… बिहार में NDA से नहीं बनी बात तो तीसरा मोर्चा बनाएंगे राजभर

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने बिहार चुनाव को लेकर सियासी हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अगर बिहार में एनडीए के साथ उनकी पार्टी का तालमेल नहीं बनता है तो वह स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही उन्होंने तीसरे मोर्चे की संभावना को भी खुला रखा है, जिसके लिए राज्य के छोटे-बड़े कई दलों से बातचीत चल रही है।

 

बलिया जिले के रसड़ा स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए राजभर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता फिलहाल एनडीए गठबंधन के साथ चुनाव लड़ने की है। उन्होंने बताया कि एनडीए से बातचीत करीब 70 फीसदी पूरी हो चुकी है और शेष मुद्दों पर अभी विमर्श जारी है। उन्होंने इशारा किया कि अगर कुछ स्थानीय नेताओं की वजह से बात नहीं बनी तो उनका दल दूसरा विकल्प अपनाएगा।

 

राजभर ने इस दौरान यह भी साफ किया कि उनकी पार्टी I.N.D.I.A गठबंधन में शामिल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रीय दल इंडिया गठबंधन से बाहर रहकर भी सक्रिय हैं और ऐसे दलों के साथ संपर्क और बातचीत की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी बिहार की 156 सीटों पर सक्रिय होकर काम कर रही है।

 

चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के साथ संभावित गठजोड़ पर भी राजभर ने संकेत दिए। उन्होंने कहा कि अगर हालात मांगते हैं तो अलग मोर्चा खड़ा किया जा सकता है, जिसमें कई क्षेत्रीय दल एक साथ आ सकते हैं। राजभर की यह तैयारी संकेत देती है कि वो हर परिस्थिति में चुनाव मैदान में उतरने को तैयार हैं।

 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि जब वह विदेश जाते हैं तो भारत की छवि पर सवाल उठाते हैं, लेकिन जब उनकी पार्टी को जीत मिलती है, तब वह किसी भी चुनावी गड़बड़ी का जिक्र नहीं करते। उन्होंने राहुल गांधी की तुलना वी.पी. सिंह से करते हुए उनके बयानों को बेबुनियाद बताया।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!