May 6, 2026

ईरान पर इस हफ्ते हो सकता है अमेरिका का हमला, ट्रंप ने दी मंजूरी लेकिन फाइनल कॉल अभी बाकी

ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव के बीच अब अमेरिका की इस जंग में दखल की पूरी संभावना बनती नजर आ रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर सैन्य कार्रवाई की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है, हालांकि अभी तक अंतिम आदेश जारी नहीं किया गया है। ट्रंप के सहयोगियों के अनुसार अमेरिका इस सप्ताह के अंत तक ईरान पर एयरस्ट्राइक कर सकता है। ट्रंप फिलहाल ईरान को परमाणु कार्यक्रम रोकने का अंतिम अवसर देना चाहते हैं, लेकिन यदि तेहरान झुकता नहीं है तो अमेरिका की सैन्य कार्रवाई तय मानी जा रही है।

ब्लूमबर्ग और वॉल स्ट्रीट जर्नल जैसी विश्वसनीय संस्थाओं की रिपोर्ट्स बताती हैं कि अमेरिका के निशाने पर ईरान की फोर्डो यूरेनियम संवर्धन सुविधा हो सकती है, जो जमीन के भीतर स्थित है और जिसे भेदना बेहद मुश्किल है। सैन्य विशेषज्ञों के मुताबिक, इसे नष्ट करने के लिए अमेरिका को अपने सबसे शक्तिशाली बमों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है। ट्रंप ने इस संभावित हमले को लेकर संकेत देते हुए कहा है कि “आने वाला हफ्ता काफी भारी हो सकता है”।

पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने साफ कहा कि अमेरिका युद्धविराम नहीं बल्कि निर्णायक जीत चाहता है। उनका उद्देश्य है कि ईरान पूरी तरह से परमाणु शक्ति बनने की कोशिश छोड़ दे। ट्रंप ने यह भी कहा कि इजराइल द्वारा शुरू की गई सैन्य कार्रवाई तब हुई, जब ईरान न्यूक्लियर पावर बनने से कुछ ही हफ्तों की दूरी पर था। ऐसे में अमेरिका की भूमिका अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है।

वहीं दूसरी ओर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खोमेनेई ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की सैन्य कार्रवाई के गंभीर परिणाम होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया है कि ईरान किसी भी सूरत में आत्मसमर्पण नहीं करेगा। इससे पहले ट्रंप ने सोशल मीडिया पर ईरान से सरेंडर करने की बात कही थी, जिसका तीखा जवाब खोमेनेई ने दिया। अब दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि ट्रंप फाइनल कॉल कब और कैसे लेते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!