राजा को सिर्फ 10 मिनट, ‘बिट्टू’ से घंटों बातें… संजय वर्मा के नाम पर राज की साजिश से खुला सोनम हत्याकांड का राज
राजा रघुवंशी हत्याकांड में नया मोड़ तब आया जब जांच में यह सामने आया कि सोनम रघुवंशी, शादीशुदा होने के बावजूद, 21 दिनों में 232 बार एक शख्स से फोन पर बात कर चुकी थी। वह भी घंटों तक। यह शख्स संजय वर्मा नाम से सामने आया, जिससे सोनम के बेहद गहरे संबंध थे। जबकि, राजा की एक दोस्त के मुताबिक, सोनम शादी से पहले राजा को दिन में मुश्किल से 10 मिनट देती थी। पुलिस को यह अंतर बेहद चौंकाने वाला लगा, और इसी कड़ी को पकड़कर उन्होंने पूरे केस का रुख ही बदल दिया।
मेघालय पुलिस जब इंदौर जांच करने पहुंची, तब उन्होंने सोनम और उसके करीबी लोगों से पूछताछ की। शुरुआती जांच में एक मोबाइल नंबर की पहचान हुई, जिसे सोनम ने ‘सोनम बिट्टू’ नाम से सेव किया था। इस नंबर से सोनम को 21 दिन में 232 कॉल आए थे। ट्रू कॉलर पर यह नंबर ‘संजय वर्मा’ के नाम से दर्ज था। लेकिन पुलिस को शक हुआ, और जब गहराई से पड़ताल की गई, तब यह खुलासा हुआ कि यह नंबर दरअसल सोनम के कथित प्रेमी राज कुशवाह ने फर्जी नाम से लिया था। यानी संजय वर्मा कोई और नहीं, बल्कि खुद राज ही था।
इस चौंकाने वाली जानकारी ने मामले को पूरी तरह पलट दिया। पुलिस को अब यह यकीन हो गया कि सोनम और राज के बीच लंबे समय से गहरा रिश्ता चल रहा था, और राजा की हत्या में यह लव ट्राइएंगल अहम भूमिका निभा सकता है। मेघालय पुलिस ने सोनम और राज दोनों के परिवारों से पूछताछ की। राज की मां चुन्नी देवी से भी आधे घंटे तक सवाल-जवाब किए गए, जिसमें यह जानने की कोशिश की गई कि क्या इस रिश्ते के पीछे कोई और मकसद था या फिर यह सिर्फ भावनात्मक या प्रेम आधारित संबंध था।
वहीं, पुलिस राजा रघुवंशी के सहकार नगर स्थित घर भी पहुंची और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए। राजा के भाई विपिन रघुवंशी से पूछताछ के दौरान यह जानकारी सामने आई कि शादी के बाद सोनम का व्यवहार बदल गया था और वह ज्यादा समय मायके या अन्यत्र बिताती थी।
इस पूरे घटनाक्रम में जिस तरह से राज ने ‘संजय वर्मा’ नाम से फर्जी सिम लेकर सोनम से लगातार संपर्क बनाए रखा, वह पुलिस के लिए भी हैरानी का विषय है। फिलहाल, पुलिस इस केस में प्रेम संबंधों के साथ-साथ हत्या के पीछे के अन्य संभावित कारणों की भी गहराई से जांच कर रही है।
Share this content:
