April 17, 2026

भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद नहीं किया, अमेरिका के साथ ट्रेड डील के बाद मॉस्को का बड़ा बयान

भारत और अमेरिका के बीच हालिया ट्रेड डील के बाद रूसी तेल को लेकर उठे सवालों पर अब रूस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। मॉस्को ने साफ किया है कि भारत ने रूस से कच्चे तेल की खरीद बंद नहीं की है और न ही इसमें किसी तरह के बदलाव के संकेत मिले हैं। रूसी विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी दावों को खारिज करते हुए कहा कि भारत का रुख पहले जैसा ही बना हुआ है और यह व्यापार दोनों देशों के हित में है।

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने अपनी साप्ताहिक ब्रीफिंग में कहा कि भारत द्वारा रूसी हाइड्रोकार्बन की खरीद से न सिर्फ भारत और रूस, बल्कि वैश्विक ऊर्जा बाजार को भी स्थिरता मिलती है। उन्होंने कहा कि मॉस्को को ऐसी कोई वजह नजर नहीं आती जिससे यह माना जाए कि नई दिल्ली ने अपने फैसले में कोई बदलाव किया है।

यह बयान उस समय आया है जब अमेरिका की ओर से यह दावा किया गया था कि भारत रूस से तेल आयात बंद करने पर सहमत हो गया है। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी ऐसे संकेत दिए थे। ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर बातचीत के बाद दोनों देशों ने ट्रेड डील का ऐलान किया था, जिसके तहत भारतीय उत्पादों पर अमेरिकी टैरिफ को 50 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया। इसमें वह 25 फीसदी अतिरिक्त ड्यूटी भी शामिल थी, जो पहले रूसी तेल खरीदने के कारण लगाई गई थी।

मारिया जखारोवा ने अमेरिकी बयानों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका स्वतंत्र देशों पर दबाव बनाने के लिए टैरिफ, प्रतिबंध और सीधे रोक जैसे तरीकों का इस्तेमाल करता रहा है। रूस पहले भी यह कह चुका है कि वॉशिंगटन भारत समेत अन्य देशों को रूसी तेल खरीदने से रोकने की कोशिश कर रहा है।

वहीं भारत की ओर से अब तक इस मुद्दे पर कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है। नई दिल्ली ने यह जरूर कहा है कि उसकी ऊर्जा खरीद नीति राष्ट्रीय हितों के आधार पर तय होती है। ऐसे में रूस के ताजा बयान से यह संकेत मिलता है कि भारत-रूस के बीच तेल व्यापार फिलहाल जारी है और अमेरिकी दावों के बावजूद इसमें तत्काल किसी बदलाव की संभावना नहीं दिख रही है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!