रिद्धिमा शर्मा ने सोशल मीडिया पर दर्द बयां करते हुए कहा—‘फोन नहीं उठाया, धन्यवाद तक नहीं कहा, टीम कर रही है ब्लैकमेल’
‘बिग बॉस 19’ फाइनलिस्ट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर तान्या मित्तल एक नई विवाद में फंस गई हैं। जहां एक ओर शो के बाद उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर उनकी स्टाइलिस्ट रिद्धिमा शर्मा ने उन पर गंभीर आरोप लगाकर सुर्खियां बटोरी हैं। रिद्धिमा ने दावा किया है कि उन्होंने शो और शो के बाद तान्या के लिए कई इंडियन लुक तैयार किए, आउटफिट भेजे और कई तरह का अतिरिक्त खर्च भी खुद उठाया, लेकिन इसके बावजूद उनका पेमेंट अब तक नहीं दिया गया। यह आरोप उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक लंबा और भावुक नोट पोस्ट कर सार्वजनिक किया।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए अपने नोट में रिद्धिमा ने बताया कि तान्या की टीम से वह कई दिनों से लगातार संपर्क कर रही हैं, लेकिन उन्हें कोई ठोस जवाब नहीं मिल रहा। उन्होंने लिखा, “मैंने हमेशा तान्या को सपोर्ट किया है। लोगों को पता है कि उनकी स्टाइलिंग मैं कर रही हूं, लेकिन शो से बाहर आने के बाद उन्होंने मुझसे बात तक नहीं की। मुझे सिर्फ कपड़ों की तारीफ मिली, जो उन्होंने फोन पर की, लेकिन पेमेंट पर कोई जवाब नहीं।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने तान्या के लिए गिफ्ट और एक पर्सनल लेटर भी भेजा था, लेकिन उन्हें उसकी कोई acknowledgment नहीं मिली—‘थैंक यू’ तक नहीं।
रिद्धिमा का आरोप है कि वह तान्या के लिए लगातार आउटफिट भेज रही थीं, यहां तक कि पोर्टर चार्ज भी खुद भर रही थीं। लेकिन इसके बावजूद तान्या की टीम की ओर से उन पर दबाव बनाया गया। उन्होंने एक संदेश साझा करते हुए कहा कि तान्या की टीम ने उन्हें ब्लैकमेल तक किया। उन्होंने लिखा, “मुझ पर दबाव डाला जा रहा है कि अगर आज की साड़ी नहीं पहुंची, तो मेरा पेमेंट बिल्कुल नहीं मिलेगा। क्या मैं इतने समय से काम कर रही हूं तो बेवकूफ हूं? यह बहुत गलत है।”
रिद्धिमा ने यह भी शिकायत की कि जिन ब्रांड्स से कपड़े मंगवाए थे, वे भी अब उनसे जवाब मांग रहे हैं क्योंकि आउटफिट अभी तक वापस नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि वह पिछले एक हफ्ते से लगातार फॉलो-अप कर रही हैं लेकिन हर बार खाली वादों के अलावा कुछ नहीं मिल रहा। उनका कहना है कि तान्या के नाम पर ब्रांड्स को दिए गए कपड़ों को समय पर वापस न करना उनके प्रोफेशनल काम को भी नुकसान पहुंचा रहा है।
सबसे गंभीर आरोप लगाते हुए रिद्धिमा ने यह भी बताया कि तान्या की टीम की एक सदस्य ने उन्हें मैसेज कर साफ कहा—अगर आज की साड़ी नहीं पहुंची तो पेमेंट रिलीज नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इस मैसेज का पूरा प्रूफ वह अपने पास रखती हैं और चाहें तो सार्वजनिक भी कर सकती हैं। उन्होंने तान्या की टीम से सम्मानपूर्वक अपील करते हुए कहा, “मैंने हमेशा तान्या के बारे में सकारात्मक बातें ही की हैं। मुझे इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं थी। कृपया मेरा पेमेंट क्लियर करें।”
इस पूरे मामले पर तान्या मित्तल या उनकी टीम की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि सोशल मीडिया पर यह मुद्दा तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस भी तान्या से इस विवाद पर स्पष्टीकरण की मांग कर रहे हैं।
Share this content:
