सोमवार को शेयर बाजार में टाटा ग्रुप की पैसेंजर व्हीकल कंपनी TMPV (Tata Motors Passenger Vehicles) के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली। कंपनी के शेयर 7% से ज्यादा टूटकर 363.15 रुपये पर आ गए। यह गिरावट डिमर्जर के बाद कंपनी के लिए सबसे बड़ी मानी जा रही है। सिर्फ एक ही दिन में कंपनी की वैल्यूएशन 10,476 करोड़ रुपये घट गई, जिससे निवेशकों में खलबली मच गई है।
कंपनी में गिरावट का मुख्य कारण इसकी लग्जरी कार यूनिट जगुआर लैंड रोवर (JLR) पर हाल ही में हुआ साइबर हमला बताया जा रहा है। कंपनी ने तिमाही नतीजों में खुलासा किया कि साइबर अटैक की वजह से JLR की परफॉर्मेंस प्रभावित हुई है, जिसके चलते कंपनी को मजबूर होकर अपने EBIT मार्जिन के अनुमान को घटाना पड़ा। पहले यह मार्जिन 5–7% तक माना जा रहा था, जिसे कम करके अब 0–2% कर दिया गया है। यही खबर बाजार में घबराहट का कारण बनी और शेयरों में तेज बिकवाली शुरू हो गई।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि यदि शेयरों में यह गिरावट जारी रही, तो TMPV के शेयर 52 हफ्तों के लोअर लेवल को भी पार कर सकते हैं। सोमवार को शुरुआती कारोबार में ही वैल्यूएशन 1,44,200 करोड़ रुपये से गिरकर 1,33,723 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। वहीं दोपहर 12 बजे तक शेयर 373.50 रुपये पर कारोबार कर रहे थे, यानी करीब 5% की गिरावट अभी भी बनी रही। पिछले 5 दिनों में TMPV के शेयरों में कुल 11.55% तक की गिरावट आ चुकी है, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई है।
Share this content:
