May 1, 2026

टीम इंडिया से बाहर होते ही नीतीश रेड्डी पर 5 करोड़ की धोखाधड़ी का केस, हाईकोर्ट में सुनवाई

टीम इंडिया के ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी इंग्लैंड दौरे से चोट के कारण बाहर होने के कुछ ही दिन बाद एक और बड़ी मुसीबत में फंस गए हैं। बेंगलुरु की टैलेंट मैनेजमेंट एजेंसी ‘स्क्वायर द वन’ ने उनके खिलाफ 5 करोड़ रुपये बकाया भुगतान नहीं करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। साथ ही उन्हें एक कानूनी नोटिस भी भेजा गया है। अब इस मामले की सुनवाई 28 जुलाई को दिल्ली हाईकोर्ट में होने वाली है।

 

मामले की शुरुआत बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान हुए विवाद से हुई थी, जब नीतीश रेड्डी ने कथित रूप से स्क्वायर द वन से जुड़े अपने तीन साल के अनुबंध को तोड़कर एक नई मैनेजमेंट एजेंसी से करार कर लिया। एजेंसी का कहना है कि नीतीश ने अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन किया और उनकी सेवा अवधि के दौरान उनसे दूरी बना ली।

 

एजेंसी के निदेशक शिव धवन की ओर से हाईकोर्ट में दायर याचिका में यह भी कहा गया है कि नीतीश रेड्डी प्रमोशनल इवेंट्स और मीडिया अभियानों में एजेंसी की सहमति के बिना शामिल होते रहे। वहीं, दिसंबर 2024 के बाद से उन्होंने एजेंसी से कोई संपर्क नहीं रखा।

 

नीतीश रेड्डी की ओर से इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन रिपोर्ट्स की मानें तो उन्होंने एजेंसी को किसी भी प्रकार की देनदारी से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि जिन ब्रांड एंडोर्समेंट डील्स की बात की जा रही है, उन्हें उन्होंने खुद अपने स्तर पर हासिल किया था और इसमें एजेंसी की कोई भूमिका नहीं थी।

 

फिलहाल नीतीश रेड्डी अपने घुटने की चोट से उबरने में लगे हैं, जो उन्हें इंग्लैंड सीरीज के दौरान लगी थी। उस सीरीज में उन्होंने दो टेस्ट मैच खेले थे और 45 रन बनाने के साथ-साथ तीन विकेट भी हासिल किए थे। लेकिन मैदान से बाहर होने के बाद अब कानूनी लड़ाई उनके सामने एक नई चुनौती बनकर खड़ी हो गई है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!