May 1, 2026

IND vs ENG: टीम इंडिया के गेंदबाजों की हालत बदतर, 10 साल बाद फिर दोहराया गया शर्मनाक इतिहास

मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच में टीम इंडिया का गेंदबाजी आक्रमण पूरी तरह लड़खड़ा गया। इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने तीसरे दिन ऐसा कहर बरपाया कि भारतीय गेंदबाज एक-एक विकेट के लिए तरसते नजर आए। इंग्लैंड ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 7 विकेट पर 544 रन बना लिए और भारत पर 186 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली।

इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट ने एक बार फिर अपनी क्लास दिखाई और शानदार 150 रनों की पारी खेली। रूट ने न सिर्फ टीम को संकट से उबारा, बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए। उन्होंने ओली पोप के साथ तीसरे विकेट के लिए 144 और बेन स्टोक्स के साथ चौथे विकेट के लिए 142 रन की साझेदारी कर भारत की कमर तोड़ दी। उनकी इस पारी में 14 चौके शामिल रहे।

जो रूट ने इस मैच में एक ऐतिहासिक मुकाम भी हासिल किया। उन्होंने जैसे ही 120 रन पूरे किए, वह ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। अब रूट के नाम 13409 रन दर्ज हो गए हैं और उनसे आगे केवल भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं, जिनके नाम 15921 रन हैं।

भारतीय गेंदबाजी की बात करें तो बुमराह, सिराज और डेब्यूटेंट अंशुल कम्बोज सभी संघर्ष करते नजर आए। बुमराह की रफ्तार सामान्य से कम रही और सिराज भी अपनी लाइन-लेंथ से भटकते दिखे। डकेट और क्रॉली की तेज शुरुआत के बाद रूट और स्टोक्स ने भारतीय गेंदबाजों को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

इस शर्मनाक प्रदर्शन के साथ भारत के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। पिछले 10 सालों में यह पहली बार हुआ है जब विदेशी जमीन पर किसी टीम ने भारत के खिलाफ टेस्ट की एक पारी में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। इससे पहले जनवरी 2015 में ऑस्ट्रेलिया ने सिडनी टेस्ट में भारत के खिलाफ 572/7 रन बनाकर पारी घोषित की थी। अब एक दशक बाद यह कड़वी याद फिर से ताजा हो गई है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!