दुनिया में अब तक सिर्फ 4 खिलाड़ी कर पाए हैं ऐसा, एशिया कप में सूर्यकुमार के पास इतिहास रचने का मौका
भारतीय क्रिकेट टीम एशिया कप 2025 के लिए पूरी तरह तैयार है। टूर्नामेंट का आगाज़ 9 सितंबर से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में होने जा रहा है और इस बार टीम की कमान स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी। भारत अब तक आठ बार एशिया कप जीत चुका है और इस बार उसकी नजरें लगातार नौवीं बार खिताब पर कब्जा जमाने पर टिकी हैं। कप्तान सूर्या के लिए यह टूर्नामेंट सिर्फ ट्रॉफी जीतने का नहीं, बल्कि अपने नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज कराने का भी सुनहरा अवसर है।
दरअसल, सूर्यकुमार यादव इस वक्त टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में सातवें स्थान पर मौजूद हैं। उन्होंने अब तक 146 छक्के लगाए हैं और एशिया कप में जैसे ही वह चार और छक्के जड़ देंगे, तो यह आंकड़ा 150 पर पहुंच जाएगा। ऐसा करने के बाद वह दुनिया के उन चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो जाएंगे जिन्होंने टी20आई में 150 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह दुनिया के पांचवें खिलाड़ी होंगे।
अब तक केवल चार बल्लेबाज ही इस उपलब्धि तक पहुंच पाए हैं। इनमें भारत के रोहित शर्मा (205 छक्के), UAE के कप्तान मुहम्मद वसीम (180 छक्के), न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल (173 छक्के) और इंग्लैंड के जोस बटलर (160 छक्के) शामिल हैं। सूर्या जैसे ही इस सूची में शामिल होंगे, उनका नाम क्रिकेट इतिहास के दिग्गज पावर हिटर्स के साथ दर्ज हो जाएगा।
इस बीच प्रतिस्पर्धा और भी दिलचस्प हो गई है क्योंकि वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन 149 छक्कों के साथ पांचवें स्थान पर हैं और ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल 148 छक्कों के साथ छठे स्थान पर। ऐसे में एशिया कप के शुरुआती मुकाबलों में ही सूर्या के पास पूरन और मैक्सवेल दोनों को पछाड़कर सीधे पांचवें पायदान पर पहुंचने का सुनहरा मौका है।
टीम इंडिया के लिए एशिया कप हमेशा ही एक बड़ा टूर्नामेंट रहा है, लेकिन इस बार का संस्करण सूर्यकुमार यादव के लिए खास महत्व रखता है। एक ओर उनकी कप्तानी की परीक्षा होगी तो दूसरी ओर उनका बल्ला इतिहास रचने के लिए तैयार है। अगर सूर्या शुरुआत से ही लय में नजर आए तो यह टूर्नामेंट उनके करियर का सबसे यादगार पड़ाव साबित हो सकता है।
Share this content:
