रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर जिस तरह का तूफान लेकर आई है, उसने पूरी इंडस्ट्री की गणित हिला दी है। दुनियाभर में 1100 करोड़ और भारत में 700 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी यह फिल्म अभी भी थिएटर्स में मजबूती से टिकी हुई है। नए साल की शुरुआत के साथ ही धुरंधर सिर्फ रिकॉर्ड नहीं बना रही, बल्कि आने वाली कई बड़ी फिल्मों के लिए खतरे की घंटी भी बन गई है।
अब तक माना जा रहा था कि धुरंधर का असर यश की अपकमिंग फिल्म टॉक्सिक पर पड़ेगा, क्योंकि दोनों की रिलीज डेट एक ही है। लेकिन असली टेंशन यश नहीं, बल्कि सनी देओल के लिए खड़ी होती दिख रही है। खास बात यह है कि यह खतरा सनी देओल की सबसे चर्चित फिल्म बॉर्डर 2 के लिए नहीं, बल्कि उनकी दूसरी बड़ी फिल्म गबरू के लिए है।
दरअसल, सनी देओल की गबरू 13 मार्च को रिलीज होने वाली है, जबकि धुरंधर 2 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। दोनों फिल्मों के बीच सिर्फ 7 दिनों का अंतर है। ऐसे में सनी देओल के पास कमाई का पूरा मौका सिर्फ पहले हफ्ते तक ही रहेगा। धुरंधर 2 के रिलीज होते ही गबरू के शो और स्क्रीन तेजी से कम होने की आशंका है, जिससे उसका बॉक्स ऑफिस सफर अचानक थम सकता है।
धुरंधर के पहले पार्ट ने जिस तरह 28 दिनों तक सिंगल डिजिट में जाने से पहले ही दमदार कमाई की, उसने सीक्वल को लेकर जबरदस्त माहौल बना दिया है। दर्शक पहले से ही आगे की कहानी देखने के लिए उत्साहित हैं। यही वजह है कि धुरंधर 2 के आते ही थिएटर मालिक और डिस्ट्रीब्यूटर्स स्वाभाविक रूप से उसी को प्राथमिकता देंगे।
सबसे बड़ा खतरा स्क्रीन काउंट और शोज के बंटवारे को लेकर है। नई और ज्यादा हाइप वाली फिल्म आते ही पुरानी फिल्म के शोज कम कर दिए जाते हैं, खासकर सिंगल स्क्रीन थिएटर्स में। ऐसे में गबरू को दूसरे हफ्ते में भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है, जबकि धुरंधर 2 को ज्यादा स्क्रीन्स और बेहतर टाइम स्लॉट मिलेंगे।
दूसरा बड़ा फैक्टर दर्शकों का झुकाव है। आमतौर पर दर्शक 7 दिन के अंदर बार-बार थिएटर जाने से बचते हैं और उसी फिल्म को चुनते हैं, जिसका क्रेज ज्यादा हो। चूंकि धुरंधर पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त पकड़ बना चुकी है, इसलिए ज्यादातर लोग धुरंधर 2 का इंतजार करना बेहतर समझ सकते हैं, जिससे गबरू की कमाई पर सीधा असर पड़ेगा।
फिल्मी कारोबार में दूसरा हफ्ता किसी भी फिल्म के लिए गेम चेंजर माना जाता है। कुल कमाई का करीब 70 से 80 प्रतिशत हिस्सा पहले हफ्ते में आ जाता है, लेकिन लंबी रेस के लिए दूसरे हफ्ते की मजबूती बेहद जरूरी होती है। धुरंधर 2 के रिलीज होते ही गबरू का दूसरा हफ्ता कमजोर पड़ सकता है और पूरी कमाई का गणित बिगड़ सकता है।
अब ऐसे में सनी देओल के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वह रिलीज डेट बदलने का जोखिम उठाएंगे या फिर सिर्फ पहले 7 दिनों की कमाई पर भरोसा करेंगे। साफ है कि इस बार बॉक्स ऑफिस की सबसे बड़ी चुनौती यश या अक्षय नहीं, बल्कि रणवीर सिंह की धुरंधर बनकर सनी देओल के सामने खड़ी है।
Share this content:
