‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ का हालिया एपिसोड दर्शकों के लिए किसी पारिवारिक कॉमेडी ड्रामा से कम नहीं रहा। शो अपने अंतिम चरण में है और इसे खास बनाने के लिए लगातार सेलिब्रिटी गेस्ट पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में फिल्म ‘इक्कीस’ की टीम—निर्देशक श्रीराम राघवन, अगस्त्य नंदा, जयदीप अहलावत और सिमर भाटिया—हॉट सीट पर नजर आई। लेकिन इस बार चर्चा सवाल-जवाब से ज्यादा नाना अमिताभ बच्चन और नाती अगस्त्य नंदा की मजेदार नोकझोंक की रही।
एपिसोड की शुरुआत ही हल्के-फुल्के अंदाज में हुई, जब अगस्त्य नंदा ने अपनी को-स्टार सिमर भाटिया का पल्लू चेयर पर ठीक करने में मदद की। यह नजारा देखकर अमिताभ बच्चन खुद को रोक नहीं पाए और चुटकी लेते हुए बोले कि उन्होंने अगस्त्य को जिंदगी में पहली बार ऐसा करते देखा है। इस पर अगस्त्य शर्म से लाल हो गए और पूरा स्टूडियो हंसी से गूंज उठा।
शो पर अगस्त्य ने अपनी घबराहट भी खुलकर जाहिर की। उन्होंने कहा कि केबीसी का सेट उनके लिए किसी पैरेंट्स-टीचर मीटिंग जैसा है, जहां एक तरफ उनके नाना होस्ट की भूमिका में हैं और दूसरी तरफ उनके डायरेक्टर श्रीराम राघवन। ऐसे में दोनों के सामने बैठकर सवालों का सामना करना उनके लिए सबसे बड़ा दबाव है। सिमर भाटिया ने भी मजाकिया अंदाज में बताया कि अगस्त्य ने उन्हें बैकस्टेज समझाया था कि अमिताभ बच्चन के सामने ‘डेकोरम’ बनाए रखना जरूरी है।
गेम के दौरान श्रीराम राघवन ने अगस्त्य को कास्ट करने से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि अगस्त्य का लुक उन्हें फिल्म ‘सात हिंदुस्तानी’ के दौर वाले अमिताभ बच्चन की याद दिलाता था, और यहीं से उन्होंने अगस्त्य को ‘इक्कीस’ के लिए फाइनल करने का मन बना लिया था। इस पर सिमर ने अमिताभ बच्चन से पूछा कि अगस्त्य के एक्टर बनने के फैसले पर उनका क्या रिएक्शन था।
इस सवाल पर अगस्त्य ने पहले कहा कि कोई खास रिएक्शन नहीं था, लेकिन बिग बी ने पूरी कहानी बताते हुए कहा कि उन्हें पहले से भरोसा था कि अगस्त्य एक्टिंग की राह ही चुनेगा। उन्होंने बताया कि अगस्त्य ने दिल्ली में रहते हुए खुद एक सीन लिखा, उसमें अभिनय किया और खुद ही शूट भी किया था, जिसे उन्होंने चुपचाप देख लिया था।
अगस्त्य ने यह भी साझा किया कि नाना की एक छोटी सी सलाह ने उनकी सोच बदल दी। डिनर टेबल पर अमिताभ बच्चन ने उनसे कहा था कि सिर्फ अपने क्राफ्ट पर फोकस करो, क्योंकि वही आपको दर्शकों से जोड़ता है। इस पर अगस्त्य जब नाना की तारीफ करने लगे, तो बिग बी ने मुस्कुराते हुए मजाकिया धमकी दी—“बेटा, घर चलो… फिर बताता हूं।”
एपिसोड का सबसे मजेदार पल तब आया, जब एक फैन ने अगस्त्य से पूछा कि उन्हें नाना और नानी में से कौन ज्यादा पसंद है। सवाल सुनते ही अगस्त्य मुश्किल में पड़ गए। काफी टालने के बाद उन्होंने हंसते हुए कहा कि “आज के लिए नाना।” हालांकि, तुरंत यह भी साफ कर दिया कि दोनों से उन्हें बराबर प्यार है।
इतना ही नहीं, अगस्त्य ने अपने नाना की ‘पोल’ भी खोल दी। उन्होंने कहा कि शो पर दिखने वाले हंसमुख अमिताभ बच्चन घर पर काफी सीरियस रहते हैं और जो मस्ती यहां दिखती है, वो घर पर कम ही देखने को मिलती है। यही वजह है कि वह इस शो को खासतौर पर एन्जॉय कर रहे हैं।
कुल मिलाकर, KBC 17 का यह एपिसोड ज्ञान के साथ-साथ रिश्तों, यादों और हल्के-फुल्के मजाक का खूबसूरत मेल बनकर सामने आया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया।
Share this content: