“आप ऐसा कैसे कह सकते हैं?” – सुनील शेट्टी के बयान पर गौहर खान का फूटा गुस्सा, बोलीं- जिसने कभी जन्म ही नहीं दिया, वो कैसी बात कर सकता है?
एक्ट्रेस गौहर खान इन दिनों अपने नए पॉडकास्ट को लेकर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वो किसी फिल्म या शो नहीं, बल्कि अपने बेबाक बयानों के चलते चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने अभिनेता सुनील शेट्टी के उस बयान पर तीखा रिएक्शन दिया है, जिसमें उन्होंने सी-सेक्शन डिलीवरी को “कंफर्टेबल” बताया था।
सुनील शेट्टी ने अपनी बेटी आथिया शेट्टी की डिलीवरी को लेकर एक बातचीत में कहा था कि आथिया ने सी-सेक्शन जैसी ‘कंफर्ट’ सुविधा नहीं चुनी, बल्कि नॉर्मल डिलीवरी का विकल्प लिया। इस पर गौहर खान ने बिना उनका नाम लिए करारा जवाब देते हुए कहा – “आप ऐसा कैसे कह सकते हैं?”
गौहर खान ने अपनी पहली प्रेग्नेंसी और मिसकैरेज के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि सी-सेक्शन को लेकर बहुत सारी गलतफहमियां हैं। उन्होंने कहा, “सी-सेक्शन कोई आसान ऑप्शन नहीं है। ये फैसला महिला के हाथ में नहीं होता, बल्कि परिस्थितियों के अनुसार डॉक्टर तय करते हैं। जो व्यक्ति प्रेग्नेंसी से कभी गुजरा ही नहीं, जिसने कभी जन्म नहीं दिया, वो इस पर इतना निश्चित बयान कैसे दे सकता है?”
गौहर ने यह भी कहा कि चाहे नॉर्मल डिलीवरी हो या सी-सेक्शन, दोनों ही बेहद तकलीफदेह अनुभव होते हैं और महिलाओं की सहनशक्ति को सलाम करना चाहिए, ना कि उनके विकल्पों को कमतर आंकना चाहिए। उन्होंने अपने पॉडकास्ट में यह बात भावुक होकर साझा की और कहा कि पब्लिक फिगर्स को ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर सोच-समझकर बोलना चाहिए, क्योंकि उनके शब्द लाखों लोगों को प्रभावित करते हैं।
गौहर की यह प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और कई यूजर्स उनकी बेबाकी की तारीफ कर रहे हैं। वहीं, कुछ लोग सुनील शेट्टी के बयान को गैर-इरादतन मान रहे हैं, लेकिन बहस यही है – प्रेग्नेंसी पर बोलने का अधिकार आखिर किसे होना चाहिए?
Share this content:
