May 18, 2026

स्विट्जरलैंड के क्रांस–मोंटाना में नए साल के जश्न के दौरान बार में जोरदार धमाका, कई लोगों की मौत की आशंका

दुनियाभर में जहां लोग नए साल का स्वागत खुशियों और जश्न के साथ कर रहे थे, वहीं स्विट्जरलैंड से एक दर्दनाक खबर सामने आई। स्विट्जरलैंड के मशहूर पर्यटन स्थल क्रांस–मोंटाना में गुरुवार तड़के एक बार में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें कई लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है।

 

धमाका शहर के ले कॉन्स्टेलेशन नामक बार में हुआ, जहां उस समय नए साल का जश्न मनाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार यह विस्फोट स्थानीय समयानुसार करीब 1:30 बजे हुआ। धमाके के समय बार में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिनमें स्थानीय नागरिकों के साथ–साथ विदेशी पर्यटक भी शामिल बताए जा रहे हैं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने विस्फोट स्थल और आसपास के पूरे इलाके को सील कर दिया है, ताकि जांच और बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।

 

फिलहाल विस्फोट के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमाका हादसा था या इसके पीछे कोई साजिश। मृतकों की संख्या को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि यह आंकड़ा बढ़ सकता है।

 

क्रांस–मोंटाना स्विट्जरलैंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में गिना जाता है और सर्दियों के मौसम में यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। राजधानी बर्न से करीब दो घंटे की दूरी पर स्थित यह शहर अपने स्की रिज़ॉर्ट्स और नाइटलाइफ के लिए जाना जाता है। ऐसे में नए साल के मौके पर यहां भारी भीड़ मौजूद थी, जिसने इस हादसे को और भी गंभीर बना दिया है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!