ड्रेसिंग रूम में दरार या कप्तानी की कुर्बानी? यशस्वी जायसवाल का मुंबई रणजी टीम छोड़ना उठा रहा कई सवाल
भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे यशस्वी जायसवाल ने अचानक मुंबई रणजी टीम को छोड़ने का मन बना लिया है, और अब खबरें हैं कि वह जल्द ही गोवा रणजी टीम के कप्तान के रूप में नजर आ सकते हैं। यह फैसला जितना चौंकाने वाला है, उतना ही विवादों से घिरा हुआ भी है—और इसकी जड़ें जुड़ी हैं एक और दिग्गज खिलाड़ी, अजिंक्य रहाणे से।
क्या रहाणे से अनबन है जायसवाल के फैसले की असली वजह?
रिपोर्ट्स का दावा है कि यशस्वी और रहाणे के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही है, जो अब खुलकर सामने आ रही है। इसकी शुरुआत हुई थी 2022 की दलीप ट्रॉफी फाइनल से, जब रहाणे ने फील्ड पर स्लेजिंग करते हुए जायसवाल को मैदान से बाहर भेज दिया था। यशस्वी ने विरोधी बल्लेबाज़ रवि तेजा को लगातार कुछ कहा, जिससे रहाणे नाराज़ हो गए और उन्होंने टीम अनुशासन के तहत उन्हें बाहर बैठा दिया।
रहाणे ने एक इंटरव्यू में कहा था, “मैं चाहता हूं कि मैदान पर खेल तमीज के साथ हो, और जब वो सीमा पार हो जाती है तो एक कप्तान को कार्रवाई करनी ही पड़ती है।” उस समय तो बात आई-गई हो गई, लेकिन अब माना जा रहा है कि वही घटना जायसवाल की नाराजगी की जड़ बनी।
रणजी में हार और ड्रेसिंग रूम में फूट
मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीजन में मुंबई की जम्मू-कश्मीर के खिलाफ हार ने जायसवाल और रहाणे के बीच की खाई को और गहरा कर दिया। यशस्वी इस मैच में फ्लॉप रहे और आरोप है कि उन्होंने रहाणे की किट पर लात मार दी, जिससे रहाणे बेहद नाराज़ हो गए।
कोच ओमकार साल्वी और संजय पाटिल ने भी जायसवाल को हार का जिम्मेदार ठहराया और यहां तक कह दिया कि भारतीय टीम का हिस्सा रहने वाला खिलाड़ी जब घरेलू टीम के लिए खेले, तो उसे पूरी शिद्दत के साथ खेलना चाहिए। कोच पाटिल ने कहा कि एक “बड़े नाम” की मौजूदगी की वजह से कई युवा खिलाड़ियों को मौका नहीं मिला।
आखिरकार जायसवाल ने लिया बड़ा फैसला
इन तमाम घटनाओं के बाद जायसवाल ने मुंबई छोड़ने और गोवा से खेलने का फैसला किया। अब माना जा रहा है कि उन्हें गोवा टीम की कप्तानी भी सौंपी जा सकती है। हालांकि इस पूरे विवाद पर बीसीसीआई या यशस्वी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों की मानें तो मुंबई ड्रेसिंग रूम में मतभेद और राजनीति ने एक टैलेंटेड खिलाड़ी को टीम छोड़ने पर मजबूर कर दिया।
क्या यशस्वी जायसवाल का यह फैसला उनकी क्रिकेटिंग राह को नई दिशा देगा या रहाणे के साथ टकराव उनका करियर प्रभावित करेगा? भारतीय क्रिकेट के दो सितारों के बीच छिड़ा यह ‘अदृश्य संघर्ष’ अब सबकी नजरों में है।
Share this content:
