मनोज कुमार के निधन से देशभर में शोक की लहर, सेलिब्रिटीज से लेकर प्रधानमंत्री तक ने दी श्रद्धांजलि!
भारतीय सिनेमा के महानायक और ‘भारत कुमार’ के नाम से पहचाने जाने वाले दिग्गज अभिनेता-निर्देशक मनोज कुमार के निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। देशभक्ति की भावना को अपने अभिनय और निर्देशन के माध्यम से परिभाषित करने वाले मनोज कुमार अब हमारे बीच नहीं रहे।
बॉलीवुड इंडस्ट्री से लेकर राजनीतिक और कारोबारी जगत तक, हर कोई इस अपूरणीय क्षति पर गहरे दुख में डूबा है। अभिनेता अक्षय कुमार ने एक्स (Twitter) पर भावुक श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “मैं उनसे यह सीखते हुए बड़ा हुआ कि देश के लिए प्यार और गर्व से बढ़कर कोई भावना नहीं है। अगर अभिनेता यह भावनाएं नहीं दिखाएंगे तो कौन दिखाएगा? इंडस्ट्री का सबसे बड़ा धन आज हमारे बीच नहीं रहा।”
फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री ने भी मनोज कुमार को श्रद्धांजलि दी और लिखा, “भारत के पहले सच्चे और समर्पित फिल्म निर्माता, दादा साहब फाल्के पुरस्कार विजेता आज हमसे विदा हो गए। उन्होंने सिनेमा में देशभक्ति को शोरगुल के बिना लाकर उसे जन-जन की भावना बना दिया। ऐसे देशभक्त कभी नहीं मरते, वे स्मृतियों और धड़कनों में जीवित रहते हैं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अभिनेता के निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा, “महान अभिनेता और फिल्म निर्माता श्री मनोज कुमार जी के निधन से गहरा दुख हुआ। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।”
बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा ने भी बेहद भावुक अंदाज़ में ट्वीट किया, “ऐसा लग रहा है जैसे मैंने अपने बचपन का एक अहम हिस्सा खो दिया हो। हमारे परिवार ने मनोज कुमार की एक भी फिल्म मिस नहीं की। ‘पूरब और पश्चिम’ जैसी फिल्मों ने हमारे भीतर देशभक्ति का जज्बा जगाया। आज एक पारिवारिक सदस्य को खोने जैसा महसूस हो रहा है। ओम शांति।”
मनोज कुमार सिर्फ अभिनेता नहीं, बल्कि एक विचारधारा थे। उन्होंने ‘शहीद’, ‘उपकार’, ‘पूरब और पश्चिम’, ‘क्रांति’ जैसी फिल्मों से भारतीय सिनेमा को नई दिशा दी। उनका जाना एक युग के अंत जैसा है।
सिनेमा को देशभक्ति की आत्मा देने वाला कलाकार, अब स्मृतियों में अमर रहेगा।
Share this content:
