May 6, 2026

पति की हत्या के रहस्य से घिरी’ सोनम की मोहब्बत: हनीमून में ही रच दिया कत्ल, अब सामने आ रहे हैं नए राज

इंदौर के नामी व्यवसायी राजा रघुवंशी की हत्या का मामला अब एक रहस्यमय प्रेम और साज़िश की परतों को खोल रहा है। पुलिस जांच के हर कदम के साथ इस केस में नए किरदार और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। जिस जगह राजा की हत्या हुई, उसी स्थान पर अब उसकी पत्नी और हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को पुलिस ने दोबारा पहुंचाया – वो भी क्राइम सीन के नाटकीय रूपांतरण के लिए।

 

राजा रघुवंशी की हत्या 23 मई को तब हुई जब वह अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून मनाने मेघालय के सोहरा (चेरापूंजी) गया था। राजा का क्षत-विक्षत शव 2 जून को वेई सावडोंग फॉल्स के पास एक गहरी खाई से मिला। शुरुआती जांच में यह एक हादसा माना जा रहा था, लेकिन जल्दी ही शक की सुई उसकी पत्नी सोनम और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह की ओर घूम गई। पुलिस ने जांच तेज करते हुए पहले राज समेत तीन अन्य आरोपियों को पकड़ा और फिर सोनम ने खुद 7 जून को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में आत्मसमर्पण कर दिया।

 

जांच में यह भी सामने आया कि हनीमून के दौरान ही सोनम और उसके प्रेमी ने राजा को मौत के घाट उतारने की पूरी योजना बना ली थी। मेघालय पुलिस की एसआईटी टीम इस केस की हर एंगल से जांच कर रही है। मंगलवार को पुलिस टीम सभी आरोपियों को लेकर उस घटना स्थल पर पहुंची जहां हत्या हुई थी और क्राइम सीन को फिर से रीक्रिएट किया गया। पुलिस ने इस मौके पर पूरी घटना की पुनरावृत्ति करवाई ताकि केस में और सटीकता लाई जा सके।

 

इस केस में नया मोड़ तब आया जब जांच में सोनम के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड सामने आए। खुलासा हुआ कि 1 मार्च से 25 मार्च तक सोनम ने एक संदिग्ध युवक संजय वर्मा को 119 बार कॉल किया था। फिलहाल संजय फरार है और उसका फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि संजय का इस हत्याकांड में क्या रोल हो सकता है।

 

मेघालय पुलिस अब इस मामले की जांच को असम, यूपी और अन्य राज्यों तक फैला चुकी है क्योंकि आरोपियों ने घटना से पहले और बाद में अलग-अलग राज्यों में समय बिताया था। इस कड़ी में पुलिस की एक टीम राजा के इंदौर स्थित घर भी पहुंची और परिजनों से सोनम के व्यवहार और उनके बीच रिश्तों के बारे में पूछताछ की। राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने बताया कि सोनम से पारिवारिक औपचारिकता से ज्यादा कोई संवाद नहीं होता था, इसलिए उसके व्यवहार को लेकर वे ज्यादा कुछ नहीं कह सकते।

 

पूछताछ के दौरान राजा की मां से भी सवाल किए गए कि क्या सोनम की उपस्थिति में कभी किसी असामान्य गतिविधि या तनाव का माहौल था।

 

11 जून को सभी आरोपियों को शिलांग कोर्ट में पेश किया गया और फिलहाल वे पुलिस हिरासत में हैं। कोर्ट में पेशी से पहले सोनम ने पुलिस की पूछताछ में पति की हत्या में अपनी भूमिका को स्वीकार कर लिया था। जब पुलिस ने उसका आमना-सामना प्रेमी राज से कराया, तो उसने भी साज़िश में शामिल होने की बात कबूल कर ली।

 

अब इस मामले की सबसे बड़ी पहेली है – क्या सोनम वाकई अकेली मास्टरमाइंड थी या फिर इस पूरे हत्याकांड के पीछे कोई और भी छिपा चेहरा है? एसआईटी की तफ्तीश जारी है और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में राजा रघुवंशी की हत्या की इस पूरी कहानी की परतें पूरी तरह से खुल जाएंगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!