सोने-चांदी के दाम में गिरावट, निवेशकों को मिली राहत
गुरुवार को देशभर में सोने की कीमतों में लगातार तीसरे दिन गिरावट देखने को मिली, जिससे खरीदारी करने वालों के लिए राहत भरी खबर आई है। बीते कुछ दिनों से सोने के दामों में उतार-चढ़ाव जारी था, लेकिन इस हफ्ते से लगातार इसकी कीमत घट रही है। हालांकि, गिरावट के बावजूद 24 कैरेट शुद्ध सोने की कीमत अब भी 1 लाख रुपये के पार बनी हुई है। प्रमुख शहरों में 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,01,000 रुपये से ऊपर बिक रहा है।
भारत में सोना केवल निवेश का साधन ही नहीं, बल्कि त्योहारों, शादियों और धार्मिक अवसरों में एक अहम हिस्सा माना जाता है। ऐसे में इसकी कीमत में मामूली कमी या बढ़त भी आम लोगों के बजट को प्रभावित करती है। इस बार आई गिरावट ने शादी-ब्याह और त्योहारों की तैयारी कर रहे खरीदारों को कुछ राहत दी है।
देश के बड़े शहरों में आज के रेट देखें तो दिल्ली, जयपुर, लखनऊ, गाजियाबाद और नोएडा में 24 कैरेट सोना 1,01,500 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है। वहीं मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और पटना में इसका भाव 1,01,350 रुपये प्रति 10 ग्राम है। 22 कैरेट सोना ज्यादातर शहरों में 92,900 रुपये से लेकर 93,050 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच बिक रहा है।
चांदी की कीमत में भी हल्की गिरावट देखने को मिली है। देश में 1 किलोग्राम चांदी का दाम करीब 2,000 रुपये घटा है और अब यह 1,16,000 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास बिक रही है। सोने-चांदी दोनों में आई यह कमी खरीदारों के लिए फायदे का सौदा साबित हो सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, ग्लोबल स्तर पर तनाव में कमी आने से निवेशकों का रुझान सोने से हट रहा है। रूस और अमेरिका के बीच संबंधों में सुधार की उम्मीद, और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तथा राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की संभावित मुलाकात की खबरों ने रूस-यूक्रेन संघर्ष में शांति की संभावना को बढ़ा दिया है, जिसका असर सीधे सोने की कीमतों पर पड़ा है।
Share this content:
