पेपर कप मैन्युफैक्चरिंग: कम निवेश में शुरू करें हाई डिमांड वाला बिजनेस
आज के दौर में पेपर कप न सिर्फ चाय या कॉफी पीने का साधन है, बल्कि एक तेजी से बढ़ता हुआ बिजनेस आइडिया बन चुका है। प्लास्टिक पर बढ़ती पाबंदियों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता ने इसकी मांग को कई गुना बढ़ा दिया है। जन्मदिन की पार्टी, शादी-ब्याह, कॉर्पोरेट मीटिंग से लेकर सड़क किनारे की चाय की दुकान तक, हर जगह इनका इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। यही वजह है कि यह बिजनेस पर्यावरण के अनुकूल और मुनाफे वाला साबित हो रहा है।
कम निवेश में इस कारोबार की शुरुआत करना संभव है। शुरुआती चरण में कच्चे माल पर करीब ₹3.74 लाख का खर्च आता है, जिसमें प्रिंट पीई पेपर, बॉटम रील और पैकिंग सामग्री शामिल है। इसके अलावा हर महीने बिजली, मशीन ऑयल, किराया, ट्रांसपोर्ट और विज्ञापन जैसे खर्चों के लिए करीब ₹20,500 का बजट रखना पड़ता है। स्टाफ की सैलरी भी इसमें जुड़ती है, जिसमें प्रोडक्शन मैनेजर, स्किल्ड और अनस्किल्ड वर्कर्स शामिल होते हैं।
यदि बड़े पैमाने पर उत्पादन करना हो तो पेपर कप बनाने की मशीन जरूरी है, जिसकी कीमत लगभग ₹8.50 लाख होती है। इस मशीन में कप बनाने की तीन चरणों वाली प्रोसेस होती है—साइड वॉल का आकार देना, निचले हिस्से को जोड़ना और किनारों को फिनिश करना। मशीन से तैयार कप सीधे मार्केट में सप्लाई के लिए तैयार हो जाते हैं।
उत्पादन क्षमता की बात करें तो इस मशीन से रोज करीब 73,000 कप बनाए जा सकते हैं। सालाना यह आंकड़ा लगभग 22 लाख कप तक पहुंचता है। बिक्री के हिसाब से सालाना करीब ₹66 लाख की आय हो सकती है और उत्पादन लागत घटाने के बाद लगभग ₹9.37 लाख का शुद्ध मुनाफा कमाया जा सकता है।
बाजार में लगातार बढ़ती मांग और प्लास्टिक पर बढ़ते प्रतिबंध को देखते हुए पेपर कप मैन्युफैक्चरिंग आने वाले सालों में और ज्यादा लाभदायक हो सकता है। सही योजना और मार्केटिंग स्ट्रैटेजी के साथ यह बिजनेस न सिर्फ आर्थिक मजबूती देगा, बल्कि पर्यावरण की सुरक्षा में भी योगदान करेगा।
Share this content:
