जिस दिन रिलीज हुई ‘प्यार किया तो डरना क्या’, उसी दिन सोहेल खान ने सीमा से मंदिर में रचाई थी शादी
सोहेल खान और सीमा सजदेह की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही। दोनों ने अलग-अलग धर्मों से होने के बावजूद अपने प्यार को सबसे ऊपर रखा और तमाम सामाजिक बंदिशों को तोड़ते हुए शादी का फैसला लिया। खास बात ये रही कि जिस दिन सोहेल की निर्देशित फिल्म प्यार किया तो डरना क्या रिलीज हुई, उसी दिन दोनों ने मंदिर में शादी रचाई थी।
सलमान खान के दोनों भाई – अरबाज खान और सोहेल खान – ने भी फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाई, लेकिन अभिनय में उन्हें वो सफलता नहीं मिली जो सलमान को मिली। हालांकि निजी जिंदगी में दोनों ने अपने-अपने तरीके से परिवार बसाया। अरबाज ने पहले मलाइका अरोड़ा से शादी की और तलाक के बाद शूरा खान से दूसरी शादी की। वहीं सोहेल खान ने दिल्ली की सीमा सजदेह से प्रेम विवाह किया था।
सोहेल और सीमा का रिश्ता शुरू से ही पारिवारिक असहमति के बीच पनपा। सीमा की फैमिली इस रिश्ते के खिलाफ थी, लेकिन दोनों ने हार नहीं मानी। 27 मार्च 1998 को जब सोहेल की फिल्म प्यार किया तो डरना क्या रिलीज हुई, उसी दिन दोनों ने आर्य समाज मंदिर में शादी रचा ली। बाद में सीमा के परिवार ने भी उन्हें स्वीकार कर लिया और फिर उन्होंने मुस्लिम रीति-रिवाजों से भी शादी की।
शादी के बाद दोनों ने लगभग 24 साल तक साथ जीवन बिताया और उनके दो बेटे हुए – निर्वाण और योहान। लेकिन वक्त के साथ उनका रिश्ता कमजोर पड़ गया और साल 2022 में दोनों ने कानूनी रूप से तलाक ले लिया। आज दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं, लेकिन उनकी लव स्टोरी आज भी एक मिसाल की तरह याद की जाती है।
Share this content:
