विकेट के बाद आसमान की ओर देखा, फिर 20 नंबर का इशारा – सिराज के सेलिब्रेशन के पीछे छिपा था एक गहरा दर्द
टेस्ट के दूसरे दिन जब मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड के बल्लेबाज़ जेमि स्मिथ का विकेट लिया, तो उनका सेलिब्रेशन चर्चा का विषय बन गया। सिराज ने कुछ अलग किया – उन्होंने आसमान की तरफ देखा और 20 नंबर की तरफ इशारा किया। हर कोई जानना चाहता था कि इसके पीछे की वजह क्या थी। अब खुद सिराज ने बीसीसीआई के वीडियो में इसका भावुक सच बताया है।
सिराज ने कहा कि ये सेलिब्रेशन पुर्तगाल के मशहूर फुटबॉलर डिओगो जोटा को श्रद्धांजलि थी, जिनकी 3 जुलाई को एक कार एक्सिडेंट में मौत हो गई थी। इस हादसे में जोटा के साथ उनके भाई की भी जान चली गई थी। सिराज ने कहा, “जब हम पिछले मैच से लौट रहे थे, तब इस दुखद खबर का पता चला। मैं पुर्तगाल का फैन हूं क्योंकि रोनाल्डो वहीं से खेलते हैं। ये जानकर झटका लगा। कल किसी ने नहीं देखा, जिंदगी का कोई भरोसा नहीं।”
डिओगो जोटा लिवरपूल के लिए खेलते थे और उनकी जर्सी का नंबर 20 था। सिराज ने उसी नंबर का इशारा कर आसमान की ओर देखा और मैच के बीचों-बीच उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। यह पल बताता है कि खिलाड़ियों के जज़्बात मैदान पर भी उनके साथ होते हैं, और खेल से परे भी उनके दिल धड़कते हैं।
Share this content:
