पश्चिम बंगाल में चल रही SIR (Special Revision of Voters List) प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक माहौल गरम हो गया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बनगांव में विरोध रैली निकालते हुए चुनाव आयोग और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। रैली के दौरान उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर बीजेपी ने उन्हें निशाना बनाने की कोशिश की, तो वह पूरे देश में पार्टी की “नींव हिला देंगी।” ममता ने दावा किया कि बीजेपी उन्हें राजनीतिक रूप से कभी हरा नहीं सकती और SIR को बहाना बनाकर बंगाल की जनता को डराने की कोशिश कर रही है।
अपने भाषण में ममता बनर्जी ने सवाल उठाया कि यदि SIR जरूरी है, तो इसे सिर्फ बंगाल में क्यों लागू किया जा रहा है? क्या बीजेपी शासित राज्यों में SIR कराने का मतलब है कि वहां घुसपैठिये मौजूद हैं? उन्होंने कहा कि यदि इस प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची का नया मसौदा जारी हुआ, तो जनता समझ जाएगी कि इससे किस तरह लोगों के अधिकारों को नुकसान पहुंच रहा है। ममता ने बिहार के हालात का हवाला देते हुए कहा कि वहां की चुनावी स्थिति SIR के असर का उदाहरण है। उन्होंने दावा किया कि अगर किसी भी नागरिक का नाम मतदाता सूची से हटाया गया, तो केंद्र सरकार को भी सत्ता से हटना पड़ेगा।
सीएम ममता ने आगे कहा कि उन्हें बांग्लादेश और बंगाल की सांस्कृतिक पहचान पर गर्व है और बीजेपी इस भावनात्मक जुड़ाव को मुद्दा बनाकर लोगों को “बाहरी” साबित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा— “जब तक मैं हूं, किसी को बंगाल से बाहर नहीं निकाला जा सकता।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी CAA को आधार बनाकर लोगों को कार्ड के नाम पर ठगा रही है और यह सिर्फ पैसे कमाने की रणनीति है।
ममता बनर्जी ने दावा किया कि SIR की प्रक्रिया की वजह से अब तक राज्य में 35 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि एक युवक रिंकू ने अपनी मौत के लिए चुनाव आयोग को दोषी ठहराया है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के दौरान नकली मतदाताओं की पहचान करने के नाम पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की गलत तरीके से मदद ली जा रही है, और चुनावों के दौरान BSF लोगों को धमका रही है।
इस पूरे मामले ने बंगाल की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। तृणमूल कांग्रेस जहां SIR को “सांप्रदायिक एजेंडा” बता रही है, वहीं बीजेपी इसे “वैध प्रक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा का हिस्सा” बता रही है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा राज्य की राजनीति में और तेज होने की संभावना है।
Share this content:
