एके शर्मा ने बाढ़ प्रभावित सैंथा में राहत कार्यों का लिया जायजा: नागरिकों से किया संवाद, मदद का दिया भरोसा

लखनऊ। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बाढ़ राहत कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से बुधवार को लखनऊ की मलिहाबाद विधानसभा के अंतर्गत सैंथा ग्रामीण क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का पुनः स्थलीय निरीक्षण किया। नगर निगम के नवविस्तारित क्षेत्र में शामिल सैंथा में उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों, साफ-सफाई तथा प्रभावित नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस दौरान मंत्री एके शर्मा ने कहा कि जैसे-जैसे बाढ़ का पानी उतर रहा है, वैसे-वैसे मक्खी-मच्छरों के प्रकोप तथा प्रदूषित जल और वायु से मनुष्यों एवं पशुओं में बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई, दवा छिड़काव और जलनिकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बीमारियों की रोकथाम हो सके। निरीक्षण के दौरान मंत्री एके शर्मा ने ड्रोन तकनीक से किए जा रहे दवा छिड़काव का जायजा लिया और अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी आवश्यकता के अनुसार इस तकनीक से दवा छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े कार्यों में पूरी तत्परता बरतने को कहा।

एके शर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बाढ़ राहत शिविर एवं राहत चिकित्सा शिविर का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पानी निकल चुके क्षेत्रों में साफ-सफाई का जायजा लिया और सफाईकर्मियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। उन्होंने निर्देशित किया के नगर निगम के अधिकारी, सफाईकर्मी और अन्य संबंधित कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाएं।

नागरिकों से किया संवाद

इस दौरान नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बाढ़ प्रभावित नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रभावित परिवार तक राहत सामग्री एवं आवश्यक सुविधाएं पहुंचाई जाएं तथा चिकित्सा, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।स्थानीय निवासियों ने बताया कि लखनऊ नगर निगम एवं प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों, नागरिकों और पशुओं तक राहत एवं बचाव कार्य पहुंचाने तथा साफ-सफाई के लिए सराहनीय प्रयास किए जा रहे हैं।

जनजीवन सामान्य बनाना सरकार की प्राथमिकता: शर्मा

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि इस चुनौतीपूर्ण समय में सरकार और प्रशासन जनता के साथ खड़े हैं। बाढ़ प्रभावितों को राहत पहुंचाना और जनजीवन सामान्य बनाना सरकार की प्राथमिकता है। राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। तो वहीं इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this content:

About The Author

You may have missed