ऑपरेशन सिंदूर पर बोले हनुमान बेनीवाल – “पाकिस्तान की मांग में भारत ने भरा सिंदूर”

संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन लोकसभा में देर रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर जोरदार चर्चा हुई। इस दौरान राजस्थान के नागौर से सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने पाकिस्तान पर तीखा हमला बोलते हुए केंद्र सरकार की कार्रवाई को प्रतीकात्मक रूप से “भारत द्वारा पाकिस्तान की मांग में सिंदूर भरना” बताया।

 

हनुमान बेनीवाल ने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी घटना हुई, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण थी। इसके जवाब में 8 मई की रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की शुरुआत की गई, जो दो दिन तक चला। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन के बाद दावा किया गया कि पाकिस्तान घुटनों पर आ गया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में तो यह तक कहा गया कि कराची तक पहुंच गए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगने लगा जैसे पाकिस्तान भारत की पत्नी बन गया हो और उसे सिंदूर भरकर विदा कर लाया गया हो।

 

सांसद ने आगे कहा कि इस ऑपरेशन का नाम ‘सिंदूर’ रखे जाने से प्रतीकात्मक संदेश यह गया कि भारत अब पाकिस्तान को पूरी तरह अपने अधीन कर चुका है। उन्होंने इस नाम को सेना के पराक्रम के प्रतीक के रूप में भी प्रस्तुत किया और कहा कि वह इतनी रात तक सिर्फ सेना के सम्मान में संसद में मौजूद हैं।

 

बेनीवाल ने आतंकवाद के मुद्दे पर कांग्रेस और बीजेपी दोनों को घेरा। उन्होंने कहा कि देश में आतंकवाद कोई नई बात नहीं है और दोनों सरकारों के कार्यकाल में आतंकी घटनाएं हुई हैं। उन्होंने संसद पर हुए हमले का ज़िक्र करते हुए कहा कि उस वक्त सुरक्षाकर्मियों ने शहादत दी थी, नहीं तो कई सांसद मारे जा सकते थे।

 

अपने संबोधन के अंत में जब उन्हें लोकसभा अध्यक्ष की ओर से अपनी बात खत्म करने के लिए कहा गया, तो उन्होंने हल्के कटाक्ष के साथ जवाब दिया – “रात में बुलाया जाता है, और खबर छपती नहीं है। सोशल मीडिया से ही काम चलाना पड़ेगा।” उन्होंने कहा कि संसद में बैठना इस बात का प्रतीक है कि वे सेना और देश की सुरक्षा के मुद्दों पर गंभीर और प्रतिबद्ध हैं।

Share this content:

About The Author