सिद्धार्थनगर में ‘दृश्यम’ स्टाइल में महिला की हत्या, शव को लाइब्रेरी परिसर में दबाया, आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक खौफनाक वारदात का पर्दाफाश हुआ है, जहां एक महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई और उसके शव को ‘दृश्यम’ फिल्म की तर्ज पर निर्माणाधीन लाइब्रेरी परिसर में जमीन के नीचे दफन कर दिया गया। इस सनसनीखेज मामले में शोहरतगढ़ पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 4 अगस्त की है, जब निर्माणाधीन पुस्तकालय परिसर से एक 27 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। शव को इस तरह से मिट्टी में दबाया गया था कि किसी को शक न हो। पुलिस को जब इस बारे में सूचना मिली, तो इलाके में हड़कंप मच गया। शव की पहचान और हत्यारे की तलाश के लिए जांच टीम गठित की गई।
जांच के दौरान संदिग्धों से पूछताछ और मौके पर जुटाए गए सबूतों के आधार पर पुलिस ने पश्चिमी चंपारण (बिहार) निवासी शिव बालक नाम के युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल ली और शव को ठिकाने लगाने के पूरे तरीके का भी खुलासा किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वह पत्थर भी बरामद कर लिया जिससे महिला की हत्या की गई थी। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या की वजह क्या थी, लेकिन पुलिस का कहना है कि मामला निजी रंजिश या संबंधों से जुड़ा हो सकता है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर रिपोर्ट का इंतजार शुरू कर दिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है। इस घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है और लोग इसे ‘दृश्यम’ फिल्म की स्टोरी से जोड़कर देख रहे हैं।
Share this content:
