‘उसका शो हिट हो गया और मैंने शराबी दोस्त बना लिए’ – श्वेता तिवारी के एक्स हसबैंड राजा चौधरी का छलका दर्द, बताया क्यों टूटा रिश्ता
श्वेता तिवारी और राजा चौधरी की शादी और तलाक की कहानी एक बार फिर सुर्खियों में है। हाल ही में टीवी एक्ट्रेस श्वेता तिवारी के पूर्व पति राजा चौधरी ने एक इंटरव्यू में अपने टूटे रिश्ते की परतें खोल दी हैं। उन्होंने बेबाकी से बताया कि कैसे दोनों ने जल्दबाजी में शादी की, कैसे वह अकेले पड़ते चले गए, और कैसे श्वेता की कामयाबी ने दोनों के बीच की दूरियों को और बढ़ा दिया।
राजा ने बताया कि उन्होंने और श्वेता ने सिर्फ 2-3 महीने डेटिंग के बाद शादी कर ली थी। उस वक्त श्वेता महज 19 साल की थीं और राजा 24-25 साल के। बेटी पलक तिवारी के जन्म के कुछ समय बाद ही श्वेता को एकता कपूर का शो ‘कसौटी जिंदगी की’ मिल गया, जो सुपरहिट साबित हुआ। शो की सफलता के बाद श्वेता का करियर बुलंदियों पर पहुंच गया, लेकिन राजा के मुताबिक तभी से उनके रिश्ते में खटास आने लगी।
राजा ने कहा, “वह सेट पर रहती थी, मैं घर पर बेटी की देखभाल करता था। धीरे-धीरे मेरी संगत बेरोजगार और शराबी दोस्तों से हो गई। इसमें क्या बुराई है? घरवाले कहते थे जो लोग शराब पीते हैं वो आवारा होते हैं। मैंने ऐसे लोगों से दोस्ती कर ली, जो मेरी हालत समझते थे।”
राजा ने यह भी कहा कि शो हिट होने के बाद श्वेता ने घंटों के हिसाब से पैसे लेने शुरू कर दिए, संघर्ष खत्म हो गया और दोनों की जिंदगी अलग-अलग दिशा में चलने लगी। उन्होंने कहा, “मुझे लगने लगा कि मैं बस एक बैकग्राउंड डांसर हूं। वह बहुत सफल हो गई थी, और उसमें इतना एटीट्यूड आ गया था कि उसने मुझे इंसान की तरह देखना बंद कर दिया था।”
राजा ने यह भी खुलासा किया कि दोनों ने अपने-अपने परिवारों की मर्जी के खिलाफ शादी की थी। श्वेता अपने भाई के साथ घर से भागकर कोर्ट मैरिज के लिए पहुंची थीं। वहीं राजा के घरवालों ने भी इस शादी से दूरी बनाई थी।
श्वेता और राजा की शादी 1998 में हुई थी और 2007 में दोनों का तलाक हो गया। तलाक के बाद भी यह रिश्ता कई बार मीडिया की सुर्खियों में रहा, लेकिन इस बार राजा चौधरी ने खुद सामने आकर अपने दर्द को खुले शब्दों में बयां किया है। उनकी इस स्वीकारोक्ति ने फिर एक बार ये सवाल खड़ा कर दिया है — जब दो लोग साथ कामयाबी की ओर बढ़ते हैं, तो क्या रिश्ते भी उतनी ही मजबूती से टिक पाते हैं?
Share this content:
