Shefali Jariwala का कार्डियक अरेस्ट से निधन, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में शोक की लहर

मनोरंजन जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। ‘कांटा लगा’ फेम और ‘बिग बॉस 13’ की चर्चित कंटेस्टेंट रही शेफाली जरीवाला का 42 वर्ष की उम्र में कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उनके पति पराग त्यागी उन्हें फौरन अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शेफाली की इस असमय मौत से पूरा परिवार और फिल्म इंडस्ट्री गहरे सदमे में है। पराग और शेफाली की मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं फैंस और इंडस्ट्री के कलाकार सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

शेफाली का शव रात लगभग 12:30 बजे अंधेरी स्थित कूपर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि शव किसी अन्य अस्पताल से लाया गया है और मौत की वजह स्पष्ट रूप से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगी। पुलिस ने इस मामले में अब तक चार लोगों के बयान दर्ज किए हैं, जिनमें उनके पति पराग त्यागी का बयान भी शामिल है। अब तक की जांच में किसी तरह की साजिश या संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। हालांकि, फॉरेंसिक टीम ने देर रात शेफाली के घर पहुंचकर जांच की और सबूत जुटाए।

मौत से तीन दिन पहले शेफाली ने अपने इंस्टाग्राम पर एक फोटोशूट की तस्वीरें शेयर की थीं, जिनमें वे बेहद ग्लैमरस लुक में नजर आ रही थीं। उन्होंने कैप्शन में लिखा था – “Bling it on baby.” वहीं उनके पति पराग ने शेफाली की मौत से कुछ घंटे पहले एक वर्कआउट क्लिप पोस्ट की थी, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस बीच टीवी एक्टर अली गोनी ने X (पूर्व ट्विटर) पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा – “शॉकिंग और दिल तोड़ देने वाली खबर। जिंदगी वाकई बहुत अनप्रिडिक्टेबल है।”

शेफाली जरीवाला का जन्म 15 दिसंबर 1982 को गुजरात के अहमदाबाद में हुआ था। 2002 में आए सुपरहिट म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ ने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया। इसके बाद वे कई म्यूजिक वीडियोज़ और टीवी शोज़ में नजर आईं। 2019 में वह रियलिटी शो ‘बिग बॉस 13’ का हिस्सा बनीं और अपनी दमदार पर्सनैलिटी से लोगों का दिल जीत लिया। 2014 में उन्होंने अभिनेता पराग त्यागी से शादी की थी। दोनों को सोशल मीडिया पर अक्सर साथ देखा जाता था और उनकी केमिस्ट्री फैंस को बेहद पसंद थी।

शेफाली जरीवाला का अचानक यूं चले जाना सिर्फ एक कलाकार का नहीं, बल्कि एक इंसान का ऐसा अंत है जिसकी भरपाई मुमकिन नहीं। फिलहाल, सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर हैं, जिससे उनकी मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। लेकिन एक बात तय है—शेफाली की यादें, उनका काम और उनका मुस्कुराता चेहरा हमेशा फैंस के दिलों में जिंदा रहेगा।

Share this content:

About The Author

You may have missed