April 17, 2026

शाहरुख खान फिल्म ‘किंग’ में 24 साल पुराने स्टाइल से करेंगे एंट्री, पोलैंड से आई बड़ी खबर

बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान एक बार फिर अपने फैंस के लिए बड़े सरप्राइज की तैयारी कर रहे हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म किंग की शूटिंग इस समय पोलैंड में चल रही है और इसी बीच खबर आई है कि वह इस फिल्म में 24 साल पुराने स्टाइल से एंट्री करने वाले हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार उनकी इंट्रोडक्शन सीक्वेंस ग्रैंड लेवल पर फिल्माया जाएगा। यह खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैन्स खुशी से झूम उठे और तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं।

शाहरुख खान फिलहाल भारत में हैं क्योंकि उनके बेटे आर्यन खान की डायरेक्टोरियल डेब्यू सीरीज बैड्स ऑफ बॉलीवुड हाल ही में रिलीज हुई है। इसके प्रीमियर पर शाहरुख बेहद एक्साइटेड दिखे, हालांकि उनका शोल्डर अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुआ है। इसके बावजूद फिल्म किंग को लेकर लगातार नई-नई जानकारियां सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि इस बार उनका इंट्रोडक्शन सीक्वेंस हेलीकॉप्टर से जुड़ा होगा, जो उनकी फिल्म कभी खुशी कभी गम की याद दिलाएगा।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई यूजर्स ने दावा किया है कि शाहरुख की एंट्री बेहद धांसू होगी। कुछ फैंस ने उनकी एंट्री सीन की एआई से बनाई गई तस्वीरें भी शेयर की हैं, जिसमें उन्हें हेलीकॉप्टर से बाहर निकलते हुए दिखाया गया है। फैन्स का कहना है कि इस बार इंट्रोडक्शन सीन पहले से कहीं ज्यादा बड़ा और भव्य होगा क्योंकि किंग एक हाई-ऑक्टेन एक्शन थ्रिलर फिल्म है।

फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी। पोलैंड से उनकी कुछ तस्वीरें पहले ही वायरल हो चुकी हैं, जिनमें शाहरुख सॉल्ट एंड पेपर लुक में और सुहाना एकदम नए अंदाज में दिखाई दी थीं। फिल्म को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि इसे साल 2026 के अंत में रिलीज किया जाएगा। मेकर्स क्रिसमस के मौके पर फिल्म को लाने की योजना बना रहे हैं।

गौरतलब है कि शाहरुख खान ने साल 2023 में पठान से धमाकेदार वापसी की थी। इस फिल्म ने 1000 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद जवान भी ब्लॉकबस्टर साबित हुई और इसने भी 1000 करोड़ का आंकड़ा पार किया। वहीं डंकी ने भी दर्शकों को खूब एंटरटेन किया। अब किंग को लेकर फैन्स की उम्मीदें और भी ज्यादा बढ़ गई हैं और सभी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि शाहरुख अपनी नई फिल्म में किस तरह का जादू दिखाने वाले हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!